नया घर हो या पुराना कमरा, उसे थोड़ा मॉडर्न और खूबसूरत बनाने की बात आती है तो बहुत सारे लो फॉल्स सीलिंग लगवाने का सोचते हैं। यह सिंपल छत को एकदम नया लुक देने का काम करती है। इसमें ऐसी लाइटिंग की जा सकती है, जिससे पूरा कमरा अलग नजर आने लगता है। यही वजह है कि आजकल फ्लैट से लेकर बड़े घरों तक में फॉल्स सीलिंग खूब देखने को मिलती है। लेकिन अगर आप भी अपने घर में इसे लगवाने का प्लान बना रहे हैं तो सिर्फ डिजाइन देखकर फैसला न करें।

फॉल्स सीलिंग कमरे की ऊंचाई कम कर सकती है, इसकी कीमत डिजाइन और मटेरियल के हिसाब से काफी बदल सकती है और नमी वाली जगह पर गलत मटेरियल परेशानी खड़ी कर सकता है। वहीं सही प्लानिंग हो तो इससे वायरिंग छिपाने से लेकर कमरे की लाइटिंग बेहतर करने तक कई काम आसान हो जाते हैं। तो आखिर फॉल्स सीलिंग आपके घर के लिए कितनी काम की है, इसे लगवाने में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और कौन सा मटेरियल कहां सही रहेगा? आइए समझते हैं।

सबसे पहले समझें, फॉल्स सीलिंग आखिर होती क्या है?

नाम से ही समझ आता है कि यह कमरे की असली छत नहीं, बल्कि उसके नीचे बनाई गई एक अतिरिक्त परत होती है। इसे मुख्य छत से थोड़ा नीचे एक फ्रेम के सहारे लगाया जाता है। इस फ्रेम के ऊपर जरूरत के मुताबिक जिप्सम बोर्ड, पीओपी, पीवीसी या दूसरे पैनल लगाए जाते हैं। असली छत और इस नई सतह के बीच जो जगह बचती है, उसमें बिजली की वायरिंग, कुछ पाइप और लाइट्स की फिटिंग को रखा जाता है। यानी इसका काम केवल छत को सजाना नहीं है। सही तरीके से डिजाइन की जाए तो यह कमरे की पूरी लुक और लाइटिंग को बदल सकती है।

फॉल्स सीलिंग लगवाने के फायदे जानें

साधारण छत को मिलेगा नया लुक

यह फॉल्स सीलिंग का सबसे साफ नजर आने वाला फायदा है। इससे सिंपल दिखने वाली छत में डिजाइन, लेयर और अलग-अलग शेप बनाकर कमरे को अच्छा लुक दिया जा सकता है। खासकर लिविंग रूम में सही डिजाइन कमरे के पूरे इंटीरियर को एक साथ जोड़ने में मदद कर सकती है।

लाइटिंग का बदल देती है पूरा खेल

अगर आपको कमरे में सिर्फ एक बल्ब या ट्यूबलाइट की जगह अलग-अलग तरह की रोशनी चाहिए तो फॉल्स सीलिंग काफी काम आती है। इसमें स्पॉट लाइट, रिसेस्ड लाइट, एलईडी स्ट्रिप और कॉव लाइटिंग की जा सकती है। इससे जरूरत के मुताबिक कमरे में तेज रोशनी या हल्की एंबिएंट लाइट बनाई जा सकती है।

तार और कुछ फिटिंग छिपाने में मदद

टीवी यूनिट, एसी या लाइटिंग से जुड़ी कुछ वायरिंग कमरे में दिखाई दे तो इंटीरियर का लुक खराब लग सकता है। फॉल्स सीलिंग के अंदर इन्हें सही तरीके से छिपाने की जगह मिल सकती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर तार या पाइप को बिना सोचे-समझे बंद कर दिया जाए। जहां भविष्य में मरम्मत की जरूरत पड़ सकती है।

कमरे की रोशनी को ज्यादा बैलेंस करे

सिर्फ एक जगह से तेज रोशनी आने के बजाय अलग-अलग पॉइंट पर लाइट लगाने से कमरे में रोशनी ज्यादा समान रूप से फैल सकती है।यही वजह है कि बेडरूम में हल्की कॉव लाइटिंग और लिविंग रूम में स्पॉट या लेयर लाइटिंग जैसे विकल्प पसंद किए जाते हैं।

अब नुकसान भी समझ लें, क्योंकि हर कमरे में यह जरूरी नहीं

कमरे की ऊंचाई होगी कम

सबसे पहले यही देखें कि आपके कमरे की छत कितनी ऊंची है। फॉल्स सीलिंग लगाने के लिए असली छत के नीचे कुछ जगह छोड़नी पड़ती है। अगर पहले से ही कम ऊंचाई वाला कमरा है और उस पर बहुत नीचे आने वाली डिजाइन बनवा दी गई तो कमरा छोटा और दबा हुआ महसूस हो सकता है। इसलिए डिजाइन फाइनल करने से पहले सिर्फ फोटो देखकर नहीं, बल्कि कमरे की वास्तविक ऊंचाई देखकर फैसला करें।

सीलन या लीकेज है तो पहले उसे ठीक करें

यह बेहद जरूरी बात है। अगर छत में पहले से पानी रिसने, सीलन या नमी की समस्या है तो उसके ऊपर फॉल्स सीलिंग लगाकर उसे छिपा देना समाधान नहीं है। खासकर जिप्सम बोर्ड या पीओपी में लगातार नमी रहने पर नुकसान हो सकता है। बोर्ड में दाग, फूलने, झुकने या टूटने जैसी समस्या आ सकती है। पहले लीकेज का कारण ठीक कराएं, उसके बाद ही नई सीलिंग लगवाएं।

अंदर की खराबी तुरंत दिखाई नहीं देती

फॉल्स सीलिंग के पीछे वायरिंग या कोई दूसरी फिटिंग खराब हो जाए तो समस्या का स्रोत तुरंत नजर नहीं आता। कई मामलों में मरम्मत के लिए सीलिंग का कुछ हिस्सा खोलना पड़ सकता है। इसलिए इलेक्ट्रिकल पॉइंट और ऐसी जगहों पर जहां आगे सर्विसिंग की जरूरत हो सकती है, वहां रिमूवेबल पैनल या एक्सेस पैनल का विकल्प रखा जा सकता है।

खर्च सिर्फ बोर्ड का नहीं होता

फॉल्स सीलिंग का बजट बनाते समय सिर्फ बोर्ड या पीओपी की कीमत देखना ठीक नहीं है। कुल खर्च में फ्रेम, बोर्ड/पैनल, डिजाइन, लाइटिंग, वायरिंग, फिनिशिंग और मजदूरी जैसी चीजें भी शामिल हो सकती हैं।

सफाई और रखरखाव भी करना पड़ेगा

फॉल्स सीलिंग की डिजाइन में अगर बहुत सारे कट, लेयर और गैप हैं तो वहां समय के साथ धूल जमा हो सकती है। खासकर कॉव लाइटिंग और खुले हिस्सों की सफाई सामान्यछत की तुलना में मुश्किल हो सकती है।

कौन सा मटेरियल कहां इस्तेमाल किया जाता है?

जिप्सम बोर्ड

यह इनडोर फॉल्स सीलिंग के लिए काफी इस्तेमाल किया जाता है। इसकी सतह को अच्छी फिनिश दी जा सकती है और इसमें अलग-अलग तरह की लाइटिंग भी आसानी से प्लान की जा सकती है। लेकिन जहां लगातार नमी या पानी का खतरा हो, वहां सामान्य जिप्सम बोर्ड का चुनाव सोच-समझकर करना चाहिए।

पीओपी

अगर आपको छत पर घुमावदार डिजाइन, बॉर्डर या डिटेलिंग चाहिए तो पीओपी का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें डिजाइन की गुंजाइश अच्छी होती है, लेकिन काम की क्वालिटी काफी हद तक कारीगर की स्किल पर निर्भर करती है।

पीवीसी

पीवीसी पैनल नमी वाली जगहों के लिए एक विकल्प हो सकते हैं। इसलिए कुछ लोग इन्हें बालकनी, बाथरूम या दूसरी ऐसी जगहों पर इस्तेमाल करते हैं जहां नमी का खतरा ज्यादा हो सकता है।

लकड़ी या वुड फिनिश

अगर आपको कमरे में गर्म और प्रीमियम लुक चाहिए तो लकड़ी या वुड-फिनिश वाले पैनल इस्तेमाल किए जा सकते हैं। लेकिन इसमें लागत, वजन और नमी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखना जरूरी है।