चेहरे पर अनचाहे बाल होने या डेड स्किन की वजह से त्वचा की चमक कम दिख सकती है। इससे चेहरा स्मूद और ग्लोइंग कम नजर आ सकता है। इतना ही नहीं चेहरे पर ज्यादा बाल होने की वजह से स्किन केयर प्रोडक्ट्स का असर भी कम महसूस हो सकता है। कुछ मामलों में चेहरे पर ज्यादा बादल होने से सीरम या मॉइस्चराइजर त्वचा तक समान रूप से नहीं पहुंच पाते हैं।

ऐसे में बहुत सारे लोग बालों को हटाने के लिए बार-बार वैक्सिंग, थ्रेडिंग या गलत तरीके से शेविंग कर लेते हैं। इससे त्वचा में जलन, लालपन, रेजर बम्प्स, संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में आप कुछ घरेलू उपाय अपना सकते हैं। इससे आपको चेहरे से अनचाहे बाल और डेड स्किन हटाने में कुछ मदद मिल सकती है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि घरेलू फेस पैक अनचाहे बालों को हमेशा के लिए नहीं हटाते, लेकिन नियमित एक्सफोलिएशन से त्वचा साफ और मुलायम दिख सकती है। आइए जानते हैं एक आसान फेस पैक बनाने का तरीका।

फेस पैक बनाने के लिए जरूरी चीजें

2 बड़े चम्मच बेसन
1 चुटकी हल्दी
1 बड़ा चम्मच दही
1 छोटा चम्मच चावल का आटा (वैकल्पिक)
जरूरत अनुसार गुलाब जल

जानें बनाने का तरीका

सबसे पहले एक बाउल लें। उसमें बेसन, हल्दी, दही और चावल का आटा डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा गुलाब जल मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत पतला न हो।

इस तरह लगाएं

सबसे पहले चेहरा अच्छी तरह धो लें। अब चेहरे पर पैक की एक समान परत लगाएं। आंखों और होंठों के आसपास का हिस्सा छोड़ दें। इसे 15–20 मिनट तक सूखने दें। जब पैक हल्का सूख जाए, तो उंगलियों को हल्का गीला करके गोलाकार (Circular Motion) में धीरे-धीरे रगड़ते हुए निकालें। इसके बाद सामान्य पानी से चेहरा धो लें। लास्ट में हल्का मॉइस्चराइजर लगाएं।

फेस पैक लगाने से मिल सकते हैं ये फायदे

डेड स्किन हटाए

बेसन और चावल के आटे से तैयार इस फेस पैक को लगाने से त्वचा की ऊपरी परत पर जमा मृत कोशिकाओं (Dead Skin Cells) को हटाने में मदद मिल सकती है।

त्वचा बगेगी मुलायम

दही में मौजूद लैक्टिक एसिड हल्के एक्सफोलिएशन में मदद करता है, जिससे त्वचा मुलायम हो सकती है।

त्वचा दिखेगी साफ

हल्दी में ऐसे गुण पाए जाते हैं जो त्वचा को साफ और फ्रेश दिखाने में मदद कर सकते हैं।

बारीक बालों की सफाई

पैक को रगड़कर हटाने के दौरान चेहरे के कुछ बहुत बारीक बाल निकल सकते हैं, लेकिन इससे बाल स्थायी रूप से नहीं हटते।

कितनी बार इस्तेमाल करें?

सप्ताह में 1–2 बार इस फेस पैक का इस्तेमाल पर्याप्त माना जाता है। रोजाना एक्सफोलिएशन करने से त्वचा रूखी या संवेदनशील हो सकती है।

इस्तेमाल से पहले बरतें ये सावधानियां

किसी भी तरह का फेस पैक स्किन पर लगाने से पहले हमेशा आपको पैच टेस्ट करना चाहिए। अगर स्किन पर कट, जलन, पिंपल या संक्रमण है, तो पैक न लगाएं। कभी भी पैक को जोर से रगड़कर न हटाएं। अगर त्वचा बहुत संवेदनशील है, तो पहले त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।

क्या यह फेस पैक स्थायी रूप से बाल हटा देता है?

नहीं। अभी तक ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि बेसन, हल्दी या अन्य घरेलू फेस पैक चेहरे के अनचाहे बालों को हमेशा के लिए हटा सकते हैं। अगर बाल मोटे, घने या हार्मोनल कारणों (जैसे PCOS) से बढ़ रहे हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर होता है। ऐसे मामलों में लेजर हेयर रिमूवल, थ्रेडिंग, वैक्सिंग या अन्य मेडिकल विकल्प अधिक प्रभावी हो सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी नए घरेलू नुस्खे को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।