उज्जैन भारत के प्राचीन और ऐतिहासिक शहरों में से एक है, जो क्षिप्रा नदी के किनारे बसा हुआ है। यहां पर ज्यादातर लोग महाकाल के दर्शन करने आते हैं। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यहां हर 12 साल में सिंहस्थ महाकुंभ मेला लगता है, जो देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फेमस है। इस शहर को महाकाल की नगरी भी कहा जाता है। यहां श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने आते हैं। हालांकि उज्जैन में अगर आप महाकाल के दर्शन करने आ रहे हैं, तो आसपास मौजूद कुछ खास जगहों को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं।

उज्जैन घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां पर मौजूद कुछ छिपी हुई जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। दोस्तों, परिवार या पार्टनर के साथ घूमने के लिए ये जगहें बेहतरीन साबित हो सकती हैं।

कालियादेह पैलेस

क्षिप्रा नदी के बीच में स्थित कालियादेह पैलेस बहुत ही खूबसूरत जगह है। अगर आप उज्जैन घूमने जा रहे हैं, तो इस जगह को ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां सूर्योदय का नजारा बहुत ही शानदार लगता है, जिसे आप मिस न करें। इस पैलेस के दोनों ओर नदी बहती है। प्राकृतिक सुंदरता देखने और पिकनिक मनाने के लिए कई लोग यहां आते हैं। यह जगह सिर्फ उज्जैन नहीं बल्कि मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक जगहों में शामिल है।

चिंतामण घाट

यह उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रमुख धार्मिक घाट है। खूबसूरती से बहती नदी और शांत वातावरण एस्थेटिक फोटो और वीडियो के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकती है। महाकाल के दर्शन के बाद आप इस घाट पर आकर समय बिता सकते हैं। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह जगह काफी शानदार है।

उंडासा झील

उज्जैन के पास स्थित छिपी हुई झील के किनारे बैठकर आप सूर्यास्त देख सकते हैं। चारों तरफ फैली हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता मन को सुकून दे सकती है। अगर आपको प्राकृतिक जगहों पर जाना पसंद है, तो इस जगह को अपने ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

भृतहरि गुफा

उज्जैन में कालिका माता मंदिर के पास मौजूद भृतहरि गुफा प्राचीन और ऐतिहासिक जगह है। अगर आप इतिहास में रुचि रखते हैं, तो इस जगह को एक्सप्लोर कर सकते हैं। माना जाता है कि राजा भृतहरि ने रानी पिंगला से मोहभंग और वैराग्य होने के बाद इस गुफा में 12 वर्षों तक कठोर तपस्या की थी। यह जगह नाथ पंथ के अनुयायियों और साधु-संतों के लिए प्रमुख तीर्थस्थल है।

सिद्धवट नदी

उज्जैन जिले में क्षिप्रा नदी के किनारे भैरवगढ़ में स्थित एक प्राचीन और पवित्र हिंदू तीर्थ स्थल है। यहां पर विशाल बरगद का पेड़ है। माना जाता है कि इस जगह पर बैठकर भगवान राम ने अपने पिता का पिंडदान किया था। यह जगह श्राद्ध, पिंडदान और तर्पण के लिए प्रसिद्ध है।

उज्जैन के पास घूमने के लिए वॉटरफॉल

उज्जैन के पास वॉटरफॉल देखने का प्लान किया जा सकता है। अगर आपके पास समय है या फिर आप शहर के पास ही रहते हैं, तो टिंचा फॉल्स, पातालपानी फॉल्स, मोहदी फॉल्स और बामनिया कुंड जा सकते हैं। यहां पर प्रकृति की खूबसूरती और सुकूनभरे वातावरण का अनुभव लिया जा सकता है।