बोटेनिकल गार्डन सिर्फ आराम करने की सुंदर और आकर्षक जगह नहीं है, बल्कि यहां सदियों पुराने पेड़, ग्रीन हाउस से लेकर रंग-बिरंगे फूलों की सजावट और खूबसूरत लॉन मौजूद हैं। यह जगह पौधों की विविधता को बचाए रखने में मदद करती है। साथ ही वनस्पति संबंधी रिसर्च में मदद करते हैं और यहां आने वालों को दुनियाभर की वनस्पतियों की जानकारी मिलती है। बोटेनिकल गार्डन उन क्षेत्रों के इतिहास और प्राकृतिक परिवेश को दर्शाते हैं, जहां वे स्थित हैं।

अगर आपको प्रकृति और वनस्पतियों में दिलचस्पी है, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है। हम आपको देश के ऐसी ही कुछ प्रसिद्ध बोटेनिकल गार्डन के बारे में बता रहे हैं, जहां पर घूमने का प्लान कर सकते हैं।

लालबाग बोटेनिकल गार्डन, बेंगलुरु

कर्नाटक के बेंगलुरु में स्थित लालबाग बोटेनिकल गार्डन लगभग 240 एकड़ में फैला है। यह भारत के सबसे प्रसिद्ध बोटेनिकल गार्डन में से एक है। इसकी स्थापना 1760 में हैदर अली के समय हुई थी और बाद में इसे टीपू सुल्तान द्वारा विस्तारित किया गया। यहां आपको दुर्लभ पौधे, पुराने पेड़ और सुंदर लॉन देखने को मिलेंगे। यहां का मशहूर ग्लास हाउस (लंदन के क्रिस्टल पैलेस से प्रेरित) गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के आसपास फ्लावर शो आयोजित करता है।

आचार्य जगदीश चंद्र बोस इंडियन बोटेनिक गार्डन, हावड़ा

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में स्थित यह बोटेनिकल गार्डन 1787 में स्थापित किया गया था। यह लगभग 109 एकड़ में फैला हुआ है और यहां आपको दुर्लभ और विदेशी पौधों का संग्रह देखने को मिलेगा। इसका सबसे प्रसिद्ध आकर्षण ग्रेट बरगद है, जिसकी चारों ओर फैली हुई जड़ें घने जंगल जैसी दिखती हैं। इस बगीचे में ताड़ के पेड़, ऑर्किड और कई प्रकार के पौधे भी देखने को मिलेंगे।

लालबाग बोटेनिकल गार्डन, बेंगलुरु (फोटो सोर्स: Pinterest)

सरकारी बॉटनिकल गार्डन, ऊटी

तमिलनाडु के ऊटी में लगभग 55 एकड़ में दोड्डाबेट्टा की ढलानों पर फैला यह गार्डन अपने सीढ़ीदार लॉन, रंग-बिरंगे फूलों की क्यारियों, फर्न उद्यान और ऑर्किड के लिए जाना जाता है। 19वीं सदी में स्थापित इस बगीचे में एक जीवाश्म पेड़ भी है। जिसके बारे में कहा जाता है कि यह लगभग दो करोड़ साल पुराना है। मई के महीने में लगने वाला वार्षिक पुष्प शो, नीलगिरी आने वाले पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होता है।

लॉयड बॉटनिकल गार्डन, दार्जिलिंग

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में स्थित यह बोटेनिकल गार्डन साल 1878 में स्थापित हुआ था। मुख्य रूप से यह वनस्पति उद्यान (बोटेनिकल गार्डन) पूर्वी हिमालय से जुड़ी वनस्पतियों के साथ-साथ दुनिया के अन्य हिस्सों की प्रजातियों को भी संजोकर रखे हुए है। यहां पर आपको अल्पाइन के पौधे, ऑर्किड, कैक्टस और सक्यूलेंट पौधों की कई प्रजातियां देखने को मिलेंगी। हिमालय क्षेत्र की वनस्पतियों में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए यह शानदार जगह साबित हो सकती है। पहाड़ी ढलान पर स्थित होने की वजह से यह गार्डन आकर्षक नजर आता है।

जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बोटेनिकल गार्डन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट

केरल के तिरुवनंतपुरम के पास स्थित पालोद में यह बोटेनिकल गार्डन स्थित है। यह विशाल वनस्पति उद्यान और अनुसंधान संस्थान 1979 में स्थापित किया गया था। इसका उद्देश्य उष्णकटिबंधीय पादप संसाधनों के संरक्षण और उनके टिकाऊ उपयोग में सहायता करना है। यहां के कलेक्शन और संरक्षण मुख्य रूप से उष्णकटिबंधीय पौधों की विविधता पर फोकस करते हैं। जो लोग केरल और अन्य ट्रॉपिकल (उष्णकटिबंधीय) क्षेत्रों की वनस्पति को समझने में रुचि रखते हैं, उनके लिए यह बेहतरीन जगह साबित हो सकती है।