टमाटर भारतीय रसोई का ऐसा हिस्सा है, जिसके बिना ज्यादातर व्यंजन अधूरे लगते हैं। आमतौर पर इसका इस्तेमाल सब्जी, सलाद, सूप या ग्रेवी बनाने में किया जाता है, लेकिन दुनिया भर में टमाटर से कई ऐसी अनोखी डिशेज भी बनाई जाती हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। अगर आप भी टमाटर से कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो ये 8 स्वादिष्ट डिशेज आपकी फूड लिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।
डोमाटेस डोलमासी

यह तुर्की की एक पारंपरिक डिश है। इसमें पूरे टमाटरों को अंदर से खाली करके उनमें चावल, हर्ब्स, पाइन नट्स और खुशबूदार मसालों की स्टफिंग भरी जाती है। इसके बाद इन्हें बेक किया जाता है, जिससे टमाटर का रस और मसालों का स्वाद बेहतरीन तरीके से मिल जाता है।
मातबूचा

मोरक्को और इजराइल में लोकप्रिय यह डिश टमाटर और भुनी हुई शिमला मिर्च से बनने वाला एक गाढ़ा सलाद या डिप है। इसे लहसुन, पपरिका और ऑलिव ऑयल के साथ धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसे ब्रेड, क्रैकर्स या साइड डिश के रूप में परोसा जाता है।
मेनेमेन
तुर्की का यह मशहूर नाश्ता टमाटर, हरी मिर्च, अंडे और मसालों से तैयार किया जाता है। सभी सामग्री को एक ही पैन में पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद बेहद रिच और लाजवाब बन जाता है। इसे ताजी ब्रेड के साथ खाना सबसे अच्छा माना जाता है।
पान कॉन टोमाते

स्पेन के कैटालोनिया क्षेत्र की यह बेहद सरल लेकिन स्वादिष्ट डिश कुरकुरी ब्रेड से बनाई जाती है। ब्रेड पर पके हुए टमाटर को रगड़ा जाता है, फिर उस पर लहसुन, ऑलिव ऑयल और थोड़ा सा नमक डाला जाता है। यह वहां के लोकप्रिय नाश्ते और तपास का हिस्सा है।
पप्पा अल पोमोडोरो

इटली के टस्कनी क्षेत्र की यह पारंपरिक डिश बासी ब्रेड, टमाटर, लहसुन, तुलसी और ऑलिव ऑयल से तैयार की जाती है। इसका गाढ़ा और सूप जैसा टेक्सचर इसे बेहद आरामदायक और स्वादिष्ट बनाता है। यह इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि साधारण सामग्री से भी शानदार भोजन बनाया जा सकता है।
ट्रेडिशनल शकशुका

हालांकि आजकल शकशुका काफी लोकप्रिय हो रही है, लेकिन इसका पारंपरिक रूप अभी भी बहुत कम लोगों ने चखा है। इसमें मसालेदार टमाटर की ग्रेवी में शिमला मिर्च, लहसुन और जीरे का तड़का लगाया जाता है, फिर उसी में अंडों को पोच किया जाता है। यह मध्य-पूर्व की सबसे पसंदीदा डिशों में से एक है।
टमाटर का शोरबा

भारत की यह पारंपरिक डिश साधारण टमाटर सूप से काफी अलग होती है। इसमें अदरक, जीरा, काली मिर्च और हरे धनिये का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। हल्का होने के साथ-साथ यह काफी पौष्टिक भी माना जाता है।
टोमैटो पाई

अमेरिका के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में लोकप्रिय यह नमकीन पाई ताजे टमाटर, चीज, हर्ब्स और फ्लेकी पेस्ट्री क्रस्ट से बनाई जाती है। इसका स्वाद कुछ-कुछ क्विच और पिज्जा के मिश्रण जैसा लगता है, इसलिए यह चीज और टमाटर पसंद करने वालों के लिए बेहतरीन विकल्प है।
Also Read
नाश्ते को बनाएं हेल्दी और टेस्टी, घर पर तैयार करें 8 तरह के पौष्टिक चीले
