जब भी कोई मेहमान या अन्य व्यक्ति घर पर आता है, तो उसे लिविंग रूम में रखे सोफे पर बैठाया जाता है। लिविंग रूम जितना सजा हुआ होता है, उतना ही अच्छा लगता है। कई बार इसकी दीवारों को लोग खाली छोड़ देते हैं, जिससे घर का लुक ज्यादा आकर्षक नहीं लगता। लेकिन इन दीवारों पर स्मार्ट तरीके से सजावट करके आप पूरे लिविंग रूम का लुक बदल सकते हैं। इससे पूरा कमरा ज्यादा खूबसूरत और स्टाइलिश नजर आता है। आइए जानते हैं लिविंग रूम की दीवारों पर किस तरह सजावट करें कि कमरा लग्जरी लगे।

1- मिरर से दें स्टाइलिश लुक

एक बड़ा और सही डिजाइन का चुना गया मिरर घर के किसी भी हिस्से का लुक बदल सकता है। आजकल सजावट में बड़े शीशों का लोग खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। लिविंग रूम की किसी खाली दीवार पर एक बड़ा मिरर लगाएं। इससे कमरा थोड़ा खुला और बड़ा नजर आ सकता है। गोल, आर्च या ज्योमेट्रिक डिजाइन वाला मिरर कमरे को आकर्षक लुक देने में मदद कर सकता है। वहीं, अगर मिरर के चारों तरफ फ्रेमिंग है, तो उसके आसपास वॉल लाइट लगवा सकते हैं।

2- वुडन वॉल पैनल

इन दिनों अपार्टमेंट और मॉडर्न घरों में वुडन वॉल पैनल काफी चलन में हैं। आप पूरी दीवार पर पैनल लगाने के बजाय टीवी यूनिट या सोफे के पीछे की किसी दीवार पर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ एलईडी लाइट्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे कमरे का लुक और ज्यादा आकर्षक नजर आ सकता है।

3- बड़ी पेंटिंग से सजाएं

किसी भी खाली दीवार को सजाने का सबसे आसान तरीका है वहां एक बड़ी सी पेंटिंग लगा देना। लिविंग रूम की खाली दीवार पर एक बड़ी और खूबसूरत पेंटिंग या आर्ट पीस लगा सकते हैं, इससे कमरा को ज्यादा क्लासी और प्रीमियम लुक मिलता है। पेंटिंग का रंग आप कमरे के सोफे, पर्दे और कारपेट से मेल खाता चुन सकते हैं।

4- फोटो फ्रेम

लिविंग रूम की किसी दीवार को गैलरी वॉल के रूप में कर सकते हैं। इसमें आप परिवार, यात्राओं या खास पलों की तस्वीरों को अलग-अलग आकार के फ्रेम में लगाकर स्टाइलिश तरीके से सजा सकते हैं।

5- वॉल लाइटिंग से बदलें कमरे का लुक

किसी भी कमरे का लुक बदलने में अच्छी लाइटिंग अहम भूमिका निभा सकती हैं। किसी पेंटिंग, मिरर या वुडन पैनल के दोनों तरफ हल्की गर्म रोशनी वाली एलईडी लाइट्स लगाने से कमरा अधिक सुंदर नजर आता है।

6- वॉल शेल्फ

लिविंग रूम की खाली दीवार पर आप फ्लोटिंग शेल्फ भी लगवा सकते हैं। इस पर आप छोटे प्लांट, किताबें, कैंडल होल्डर, मूर्तियां या दूसरे डेकोरेटिव आइटम रखकर कमरे का लुक बदल सकते हैं।

7- सही घड़ी बदल सकती है लुक

अगर आप सही घड़ी का चुनाव करें तो यह भी कमरे की खूबसूरती को बढ़ाने में मदद कर सकता है। लिविंग रूम के किसी खाली दीवार पर एक बड़ी और स्टाइलिश वॉल क्लॉक लगाएं। मेटल, वुडन या मिनिमल डिजाइन वाली घड़ी को सोफे के ऊपर वाली दीवार पर लगाया जा सकता है।

इस तरह आप इन छोटी-छोटी चीजों की मदद से आप अपने लिविंग रूम की खाली पड़ी दीवारों को एक क्लासी और स्टाइलिश लुक दे सकते हैं। ये न सिर्फ कमरे का लुक बदलने में मदद करती हैं, बल्कि मेहमानों की भी जब इन पर नजर जाती है, तो वो सजावट की तारीफ करते नहीं थकते हैं। इसके साथ ही जब कमरा बेहतर और व्यवस्थित तरीके से सजा होता है, तो वहां वक्त बिताना भी सुकून भरा लगता है।

यह भी पढ़ें
डाइनिंग एरिया को दें स्टाइलिश लुक, इन छोटी-छोटी चीजों से करें सजावट