Egg Muffin Cups Recipe: अगर आप रोजाना ब्रेड-ऑमलेट या उबले अंडे खाकर बोर हो गए हैं, तो एक बार नाश्ते में एग मफिन बनाकर ट्राई कीजिए। यह न केवल खाने में स्वादिष्ट लगेंगे बल्कि प्रोटीन से भरपूर नाश्ते का एक अच्छा विकल्प रहेंगे। इन्हें बनाते समय अंडे के साथ इसमें अपनी पसंद की सब्जियां, चीज या अन्य सामग्री मिलाई जा सकती है।

इससे इसका स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि एग मफिन कम समय में तैयार हो जाते हैं और इन्हें स्कूल या ऑफिस टिफिन में भी आसानी से पैक किया जा सकता है। यहां जानिए एग मफिन की 3 आसान और टेस्टी रेसिपी।

वेज एग मफिन

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

4 अंडे
1/4 कप बारीक कटी शिमला मिर्च
1/4 कप बारीक कटा प्याज
1/4 कप उबला स्वीट कॉर्न
2-3 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ चीज (वैकल्पिक)
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
नमक और काली मिर्च स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच तेल या मक्खन

बनाने का तरीका

वेज एग मफिन बनाने के लिए सबसे पहले ओवन को 180°C पर प्रीहीट करें। फिर एक बाउल में अंडे फोड़कर अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद सब्जियां, नमक, काली मिर्च और सभी चीजों को डालकर मिलाएं। फिर मफिन ट्रे को हल्का ग्रीस करें और मिश्रण को 3/4 तक भर दें। फिर 18–20 मिनट तक बेक करें। इसके बाद हल्का ठंडा होने दें और सर्व करें।

पालक-चीज एग मफिन

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

4 अंडे
1 कप बारीक कटा पालक
1/4 कप कद्दूकस किया हुआ मोजरेला या प्रोसेस्ड चीज
1 छोटा चम्मच लहसुन (बारीक कटा)
नमक और काली मिर्च
थोड़ा मक्खन

इस तरह बनाएं

पालक-चीज एग मफिन बनाने के लिए सबसे पहले पैन में थोड़ा मक्खन डालकर लहसुन और पालक 2 मिनट भून लें। फिर अंडे फेंटकर उसमें पालक, चीज़, नमक और काली मिर्च मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को ग्रीस की हुई मफिन ट्रे में डालें। अब 180°C पर 18–22 मिनट तक बेक करें। इसके ऊपर से चिली फ्लेक्स डालकर परोसें।

मसाला एग मफिन

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

4 अंडे
1/4 कप बारीक कटा प्याज
1/4 कप टमाटर (बीज निकालकर)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी)
1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
1/4 छोटा चम्मच हल्दी
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक
थोड़ा तेल

बनाने का नोट कर लें तरीका

मसाला एग मफिन बनाने के लिए सबसे पहले सभी सामग्री को फेंटे हुए अंडों में अच्छी तरह मिला लें। फिर मिश्रण को मफिन मोल्ड में भरें। इसके बाद 180°C पर 18–20 मिनट तक बेक करें। तैयार मफिन पर थोड़ा चाट मसाला छिड़ककर हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें।