बाथरूम के साथ ही उसमें रखी गई चीजों को भी साफ रखना जरूरी है। यह सेहत के लिहाज से बेहतर है। बाथरूम वह जगह है जहां पर बैक्टीरिया के पनपने का खतरा अधिक रहता है। कई बार बाथरूम की सफाई कर देते हैं लेकिन इसमें रखी चीजों को साफ करना भूल जाते हैं। इनमें से एक बाल्टी और मग है। बाल्टी और मग को अगर समय पर साफ न किया जाए तो इन पर गंदी और पीली परत पड़ जाती है, जो दिखने में काफी खराब लगती है। अधिकतर लोग इसे फेंक देते हैं या फिर महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं।
लंबे समय तक इसे साफ न करने पर इस पर खारे पानी के सफेद दाग बनने लगते हैं, जिन्हें छुड़ाना काफी मुश्किल काम होता है। लेकिन घर में रखी कुछ चीजें गंदी बाल्टी और मग को साफ करने में मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं, इन्हें चमकाने के तरीके क्या हैं:
सिरका
सिरके का इस्तेमाल खाने के साथ ही सफाई में भी किया जाता है। इसमें एसिटिक एसिड पाया जाता है, जिसके चलते यह साबुन के मैल, कठोर पानी के दाग और अन्य गंदगी को साफ करने में प्रभावी होता है। दो कप सफेद सिरके में पानी मिलाकर स्पंज की मदद से बाल्टी और मग पर रगड़ कर 5 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर पानी से साफ कर दें। इससे पानी की कठोर परत के साथ ही अन्य दाग आसानी से हट सकते हैं।
बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा में मौजूद सोडियम बाइकार्बोनेट जिद्दी दाग-धब्बों को हटाने के साथ ही दुर्गंध दूर करने में मदद करता है। बाल्टी और मग को साफ करने के लिए आधा चम्मच बेकिंग सोडा, थोड़ा सा बर्तन धोने का साबुन और नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को बाल्टी और मग पर लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर रगड़कर साफ कर लें। पीलापन और अन्य दाग आसानी से हट सकते हैं।
नमक और गर्म पानी
गंदी बाल्टी और मग को गर्म पानी से भर दें और 2-3 चम्मच नमक डाल दें। इसे करीब 20 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। फिर ब्रश की मदद से रगड़कर साफ करें। इससे दाग ढीले हो सकते हैं, जिससे साफ करने में आसानी होती है।
ब्लीच पाउडर
ब्लीच पाउडर को जिद्दी दाग हटाने, पीली टाइलों को चमकाने और गंध को दूर करने के लिए प्रभावी माना जाता है। बाल्टी और मग के गंदे दागों को दूर करने में यह नुस्खा काम आ सकता है। एक कप ब्लीच पाउडर में थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बाल्टी और मग पर अच्छी तरह लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश की मदद से साफ कर दें।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
Also Read
चिपचिपा और पीला हो गया है फर्श, पानी में ये 5 चीजें डालकर करें साफ
