भारतीय घरों में गुड़ का सेवन लंबे समय से भोजन का अहम हिस्सा रहा है। इसका इस्तेमाल चाय से लेकर मिठाइयों और कई पारंपरिक व्यंजनों तक में किया जाता है। देसी गुड़ में कार्बोहाइड्रेट (सुक्रोज और ग्लूकोज), आयरन, पोटेशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे कई आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। सफेद चीनी की तुलना में गुड़ स्वास्थ्य के लिए अधिक फायदेमंद माना जाता है। लेकिन मार्केट में देसी गुड़ के नाम पर मिलावट करके भी बेचा जाता है। कई बार इसमें कपड़े धोने वाले पाउडर जैसी मिलावट की खबरें आ चुकी हैं। ऐसे में लाभ पहुंचाने के बजाए यह गुड़ सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
अधिकतर लोगों को पता ही नहीं होता है कि वह मिलावटी गुड़ खा रहे हैं। इसके साथ ही यह भी नहीं पता होता है कि गुड़ की शुद्धता की जांच कैसे करें। हालांकि, एक तरीका है जिसकी मदद से आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि गुड़ में कपड़ा धोने वाला पाउडर मिलाया गया है या नहीं। फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ इंडिया (FSSAI) के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो है, जिसमें बताया गया है कि गुड़ की शुद्धता की जांच कैसे करें। आइए जानते हैं घर पर किस तरह आसानी से पता करें कि गुड़ में वॉशिंग पाउडर मिलाया गया है या नहीं।
इस तरह करें मिलावटी गुड़ की जांच
गुड़ की शुद्धता का पता लगाने के लिए आपको एक टेस्ट ट्यूब की जरूरत पड़ेगी, जिसे किसी भी मेडिकल स्टोर या स्टेशनरी की दुकान से खरीद सकते हैं। सबसे पहले इस टेस्ट ट्यूब में लगभग 2 ग्राम गुड़ का छोटा टुकड़ा या पाउडर डाल दें। इसके बाद उसमें लगभग 1 मिलीलीटर HCL एसिड (हाइड्रोक्लोरिक एसिड) डालें। अगर गुड़ में कपड़े धोने वाला पाउडर मिलाया गया है, तो उसमें कुछ ही देर में झाग बनने लगेगा। वहीं, शुद्ध गुड़ में इस तरह का कोई झाग नहीं बनता है।
ऐसे में आप इस आसान तरीके से कुछ ही मिनटों में पता लगा सकते हैं कि गुड़ में वॉशिंग पाउडर की मिलावट की गई है या नहीं। हालांकि, ध्यान रखें कि यह परीक्षण केवल गुड़ में वॉशिंग पाउडर की मिलावट की जांच के लिए है। जरूरी नहीं है कि गुड़ में मौजूद अन्य प्रकार की मिलावट का भी इससे पता लगाया जा सके।
