दिल्ली-एनसीआर समेत गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। फिलहाल उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, बारिश अपने साथ कई तरह की समस्याएं भी लेकर आती है। इस मौसम में घरों में सीलन बढ़ने के साथ-साथ लकड़ी के फर्नीचर भी फूलने लगते हैं। हवा में बढ़ी नमी के कारण लकड़ी नमी सोखने लगती है, जिससे फर्नीचर फूल सकता है, दराज और दरवाजे जाम हो सकते हैं, पॉलिश खराब हो सकती है और साथ ही फंगस व दीमक का खतरा भी बढ़ जाता है।
समय रहते अगर लकड़ी के फर्नीचर की देखभाल न की जाए तो यह नमी के कारण फूलने से ये जल्दी खराब हो सकते हैं। ऐसे में कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप अपने घर में रखे लकड़ी के फर्नीचर को फूलने से बचा सकते हैं और लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं। आइए जानते हैं:
1- ऐसी जगह से रखें दूर
जहां पर सीधा बारिश का पानी या लगातार नमी रहती है उन जगहों से फर्नीचर को दूर रखें। ऐसी जगहों पर रखे गए लकड़ी के फर्नीचर में फूलने की समस्या अधिक होती है। खिड़की और बालकनी के पास फर्नीचर रखा है, तो इन्हें थोड़ा आगे कर दें या फिर उन जगहों पर रखें जहां पानी नहीं पहुंचता हो। साथ ही दरवाजे बंद रखें और पर्दे का इस्तेमाल करें। बारिश के पानी की छींटे भी लकड़ी को फूलने का कारण बन सकती हैं।
2- दीवार से दूर रखें
मानसून के मौसम में दीवारों में सीलन की समस्या अधिक रहती है। अगर आपने फर्नीचर को दीवार से सटाकर रखा है, तो वह नमी को आसानी से सोख सकता है और कुछ ही दिनों में उसमें फूलने की समस्या आ सकती है। ऐसे में फर्नीचर को दीवार से करीब 2-4 इंच की दूरी पर रखें। इससे हवा का संचार बना रहता है और नमी सीधे फर्नीचर तक नहीं पहुंचती है।
3- कमरे में अधिक नमी हो जाए तो क्या करें
बरसात के मौसम में नमी अधिक होती है। नमी जितनी अधिक होगी लकड़ी उसे उतना ही ज्यादा सोखेगी। ऐसे में जरूरी है कि कमरे में नियमित रूप से पंखा चलाकर रखें। साथ ही जब बारिश रुक जाए और हल्की धूप निकले तो खिड़कियों और दरवाजों को खोल दें, ताकि नमी को सूखने में मदद मिले।
4- गीले कपड़े से सफाई करने से बचें
अक्सर लोग बरसात के मौसम में भी लकड़ी के फर्नीचर की सफाई गीले कपड़े से करते हैं। ऐसा करने से फर्नीचर नमी सोख सकता है और उसके फूलने व खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही लकड़ी के फर्नीचर पर भीगे कपड़े, छाता या गीली चीजें न रखें। वहीं, फर्नीचर की सफाई के दौरान हमेशा सूखे कपड़े का इस्तेमाल करें।
5- पॉलिश या वैक्स लगाए
बरसात के मौसम में लकड़ी को फूलने से बचाने का सबसे अच्छा तरीका है पॉलिश या वैक्स लगाना। ये लकड़ी पर एक सुरक्षात्मक परत बनाती है, जो नमी को सीधे लकड़ी तक पहुंचने से रोकने में मदद करती है। इसे आप मानसून शुरू होने से पहले लगा सकते हैं। ऐसे में इन उपायों की मदद से आप घर के फर्नीचर को फूलने से बचा सकते हैं और साथ ही लंबे समय तक सुरक्षित भी रख सकते हैं।
Also Read
लेदर जूतों की देखभाल कैसे करें, भीग जाए तो इस तरह सुखाएं
