Chana Dal Halwa Recipe: अक्सर ऐसा होता है कि डिनर के बाद कई बार कुछ मीठा खाने की क्रेविंग होती है। ऐसे में चॉकलेट, आइसक्रीम या बाजार की मिठाई की बजाय घर का बना हलवा ट्राई कर सकते हैं। आजकल बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की बजाय लोग घर की बनी चीजों को खाना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में चना दाल हलवा एक स्वादिष्ट और बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जिसे कम सामग्री में आसानी से तैयार किया जा सकता है।
अगर आप भी डिनर के बाद कुछ मीठा खाना पसंद करते हैं, तो ऐसे में आप घर पर प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चना दाल हलवा बना सकते हैं। इसकी रेसिपी शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। जिसकी मदद से आप भी घर पर आसानी से हलवा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस स्वादिष्ट हलवे को बनाने का तरीका।
सामग्री
चना दाल – 1 कप
घी – 1 चम्मच (दाल भूनने के लिए)
काली इलाइची – 10
इलायची – 1
पानी – 1 कप
चीनी – 6 चम्मच
केसर- 1 चुटकी
दूध – 1½ कप
घी – 2 चम्मच (हलवा बनाने के लिए)
काजू बादाम पिस्ता- 1 कप
चना दाल हलवा बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को रातभर भिगोकर रखें। अब चना दाल का पानी निकाल दें और इसे अच्छी तरह सूखे कपड़े की मदद से पोंछ लें। जिससे चना दाल को भूनने में कम समय लगेगा।
अब एक कड़ाही में घी डालकर गर्म कर लें और इसमें साबुत चना दाल डालें। दाल को मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए भुन लें, जिससे ये अच्छी तरह पक जाएगी।
चीनी की चाशनी बनाने के लिए एक पैन में पानी डालें। इसमें चीनी और केसर डालकर उबाल लें। इसे गाढ़ा नहीं करना है, सिर्फ एक उबाल आने पर गैस को बंद कर दें।
जब चना दाल अच्छी तरह भुन जाए, तो इसे निकालकर पूरी तरह ठंडा कर लें। अब इसे मिक्सर में डालकर अच्छी तरह से पीस लें। इसे हल्का दरदरा रखें, ताकि एक अच्छा टेक्सचर मिल सके।
अब कड़ाही में घी डालकर पीसी हुई दाल का पेस्ट डालें। अब इसमें पीसी हुई इलायची पाउडर डालें। साथ ही तैयार की गई चाशनी डालें। अब इसमें दूध डालकर हल्की आंच पर ढककर पकाएं।
ध्यान रखें कि चीनी और दूध को हलवा बनाते समय धीमी आंच पर डालें। अब हलवे में घी डालकर तेज आंच पर करीब 3-4 मिनट तक भून लें।
इस तरह चना दाल हलवा तैयार हो जाएगा जिसे आप सर्विंग बाउल में निकाल लें और इसे ऊपर से काजू, बादाम और पिस्ता की मदद से गार्निश करें।
