Healthy Salad Recipe: आजकल लोग अपनी डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करना पसंद करते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भरपूर हों। अगर आप कुछ हल्का, स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर नाश्ता ढूंढ़ रहे हैं, तो बिना तेल के बनने वाला यह सलाद ट्राई कर सकते हैं। इसे तैयार करने के लिए टोफू, पनीर, एवोकाडो, खीरा, काले चने और कुछ ताजी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। इन सभी चीजों को मिलाकर स्वादिष्ट और पौष्टिक सलाद तैयार किया जा सकता है।

इस सलाद की खासबात यह है कि इसे बनाने के लिए तेल का इस्तेमाल नहीं होता है और यह कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाता है। आप इसे सुबह के नाश्ते में, शाम के हल्के स्नैक या लंच के साथ भी खा सकते हैं। अगर आप रोजाना एक जैसी रेसिपी से बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो यह सलाद आपकी डाइट में एक अच्छा बदलाव ला सकता है।

प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर इस सलाद की रेसिपी कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी और इसकी आसान रेसिपी।

सामग्री

मूंगफूली- 1 कप
ब्रोकली- 1
पनीर- 50 ग्राम
लहसुन का टुकड़ा- 1-2 कली
भुना हुआ जीरा- 1 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
काली मिर्च- 1 चम्मच
गाढ़ा दही- 1 चम्मच
नींबू का रस- 1 चम्मच
दूध- 1 कप
टोफू- 100 ग्राम
शिमला मिर्च- 1
एवोकाडो- 2
उबला हुआ कॉर्न- 1 कप
काले चने- 1 कप
खीरा- 1
प्याज- 1
टमाटर- 2
बेसिल- 2 चम्मच

बनाने का तरीका

सबसे पहले मूंगफली को पानी में उबाल लें। दूसरी ओर ब्रोकली को भी नमक डालकर हल्का सा उबाल लें। इसके बाद दोनों को ठंडे पानी में निकालकर अलग रख दें।

अब मिक्सर जार में उबली हुई मूंगफली, पनीर, लहसुन का टुकड़ा, भुना हुआ जीरा, नमक, काली मिर्च पाउडर, गाढ़ी दही, नींबू का रस और थोड़ा सा दूध डालकर अच्छी तरह पीस लें। इससे सलाद की क्रीमी ड्रेसिंग तैयार हो जाएगी।

अब टोफू, शिमला मिर्च, एवोकाडो, खीरा, प्याज और टमाटर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें एक बड़े बाउल में डालें और इसमें बारीक कटी बेसिल की पत्तियां, ब्रोकली, कॉर्न, उबले हुए काले चने, हल्का नमक, काली मिर्च और नींबू का रस मिलाएं।

अंत में तैयार की गई ड्रेसिंग को सलाद में डालें और सभी सामग्री को अच्छे से मिक्स करें लें। इस तरह बिना तेल के बनने वाला स्वादिष्ट और हेल्दी प्रोटीन से भरपूर सलाद तैयार है, जिसे आप तुरंत सर्व कर सकते हैं।