आज के समय में ज्यादातर लोग सुबह हेल्दी और टेस्टी नाश्ता करना पसंद करते हैं। कई लोग सुबह ज्यादा हैवी और तला हुआ खाने से बचते हैं। यही वजह है कि नाश्ते में स्प्राउट्स, ओट्स और कम तेल में बनी हुई डिशेज बनाना प्रेफर करते हैं। ऐसे में भाप से बनी डिशेज एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं। जिन्हें न सिर्फ कम तेल में तैयार किया जा सकता है बल्कि स्वाद और पोषण में भी ये अच्छी मानी जाती हैं। अगर आप रोजाना आलू-पूरी, पराठा या समोसे की जगह कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो यहां दी गई कुछ रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं।
सुबह की भूख मिटाने और झटपट बनने वाली ये डिशेज आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। ऑफिस, कॉलेज, स्कूल या कहीं बाहर जाने की जल्दी है, तो सुबह इन डिशेज को बनाया जा सकता है। आइए भाप से बनने वाली इन डिशेज की रेसिपी जानते हैं।
पोहा
अगर आप कम तेल वाला पोहा बनाना चाहते हैं, तो इसे भाप से तैयार कर सकते हैं। यह खाने में बहुत स्वादिष्ट होता है और बनने में भी कम समय लेते हैं। इसके लिए सबसे पहले पोहे को पानी से अच्छी तरह धो लें। अब इसमें हल्दी, नमक और चीनी डालकर हल्के हाथों से मिक्स करें। गैस पर कढ़ाई या पतीले में पानी भरकर रखें। अब एक थाली में हल्का सा घी या तेल लगाएं और उसके ऊपर भीगे हुए पोहे रखें। इसे बीच-बीच में चम्मच की मदद से चलाते रहे ताकि यह भाप से गर्म हो जाएं।
अब प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और हरा धनिया को बारीक काट लें। जब पोहे गरम हो जाएं, तो इन्हें निकाल लें। अब इसके ऊपर से प्याज, हरी मिर्च, टमाटर, हरा धनिया, अनार के दाने, चाट मसाला और कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। इसे गरम-गरम सर्व करें।
ढोकला
सुबह कुछ झटपट नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो ढोकला बना सकते हैं। इसे कम सामग्री और कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए बेसन, दही, हल्दी, नमक और बेकिंग सोडा मिलाकर बैटर तैयार करें। सभी सामग्री को मिक्स करके बैटर तैयार कर लें। अब स्टीमर में हल्का तेल लगाकर ढोकले का बैटर डाल दें। जब यह पक जाए तो इसे पीस में काट लें। अब राई, हरी मिर्च और करी पत्ते की मदद से तड़का लगाएं। इसके ऊपर से हरा धनिया डालें और गरम-गरम हरी चटनी के साथ सर्व करें।
इडली
सुबह के समय अक्सर हमें ऑफिस, स्कूल या कॉलेज जानें की चिंता रहती है, जिसकी वजह से नाश्ता भी ढंग से नहीं करते हैं। ऐसे में इडली बनाई जा सकती है, जो बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब पसंद आती है। इसे आप भाप से बिना तेल के आसानी से बना सकते हैं। झटपट इडली बनाने के लिए रवा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका बैटर तैयार करने के लिए सूजी में दही, पानी, नमक और बेकिंग सोडा मिलाएं। जब बैटर तैयार हो जाए तो इसे इडली स्टीमर में डालकर पकाएं। तैयार इडली को नारियल की चटनी या सांभर के साथ सर्व करें। यह नाश्ता हल्का होता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है।
