Easy Paper Decor Ideas: कुछ ही दिनों में दिवाली आने वाली है। इस त्योहार का कई लोग सालभर इंतजार करते हैं। कई महीनों पहले से साफ-सफाई, सजावट और खाने-पीने की कई चीजें बनाई जाती हैं। साथ मिलकर समय बिताया जाता है और अपनों के साथ खुशियां बांटी जाती हैं। इस मौके पर कई बार बजट भी गड़बड़ा जाता है। ऐसे में सजावट के लिए महंगी चीजों के बजाय घर पर ही कुछ डेकोरेटिव आइटम्स को बनाया जा सकता है। इसके लिए रंगीन पेपर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी मदद से कई सारी चीजों को खुद से बना सकते हैं, जो घर की सजावट में चार चांद लगा सकते हैं।
अगर आप दिवाली पर घर को सजाने के लिए चीजें खोज रहे हैं, तो रंगीन पेपर की मदद से इन्हें खुद तैयार कर सकती हैं। आइए, जानते हैं पेपर से क्या-क्या बनाया जा सकता है।
पेपर फैन रोसेट
दिवाली पर दीवारों को सजाने के लिए फैन रोसेट बनाया जा सकता है। खासतौर पर इसका इस्तेमाल बैकड्रॉप बनाने के लिए किया जाता है। इसे बनाने के लिए रंगीन पेपर या रैपिंग पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। पेपर को सबसे पहले आगे और पीछे की तरफ जिगजैग स्टाइल में मोड़ लें। इस तरह दो या तीन कागज के टुकड़ों को आपस में जोड़कर पूरा गोल चक्र यानी रोसेट तैयार कर लें। अब इसे सजाने के लिए बीच में छोटा गोल कटआउट ग्लू की मदद से चिपकाएं। इसके ऊपर फूल या स्टिकर लगा सकते हैं। इस तरह आप अलग-अलग रंगों के कई सारे फैन रोसेट तैयार कर सकते हैं। इन्हें लिविंग रूम की दीवार पर चिपाकर या धागे से लटकाकर बैकड्रॉप तैयार किया जा सकता है।
पेपर लालटेन
घर में त्योहार के मौके पर सजावट के लिए पेपर लालटेन का इस्तेमाल किया जाता है। इसे आप रंगीन पेपर की मदद से बना सकते हैं। जिसे छत, दरवाजे या दीवार पर लटकाया जा सकता है। इसके लिए रंगीन पेपर लें और इसे एक एक इंच की दूरी पर काटें। ध्यान रखें कि ऐसा करते समय ऊपर और नीचे वाले हिस्से को छोड़ दें। पेपर को पूरी तरह न काटें। अब इस पेपर को रोल कर लें दोनों किनारों को ग्लू की मदद से चिपकाएं। हैंडल बनाने के लिए पेपर का पतला हिस्सा काटें और इसे ऊपर दोनों हिस्सों को चिपका दें। अब इसे सजाने के लिए ऊपर और नीचे लेस लगा सकते हैं। इस तरह आप कई रंग की लालटेन तैयार कर सकते हैं। इसके अंदर एलईडी लाइट लगाकर बालकनी की सजावट की जा सकती है।
पेपर रंगोली
रंगीन पेपर की मदद से खूबसूरत रंगोली बनाई जा सकती है, जो जल्दी खराब नहीं होगी। इसे बनाने के लिए कार्डबोर्ड को फूल का आकार दें। अब इसके ऊपर रंगीन पेपर को चिपकाएं। इसके बाद सजावट के लिए बीच में मोतियों को चिपकाएं। साथ में स्टोन लगाकर इसे आकर्षक बनाया जा सकता है। इस आसान रंगोली को मंदिर या तुलसी के पौधे के आगे रख सकते हैं।
पेपर तोरण
बाजार में मिलने वाले महंगे तोरण की बजाय आप घर पर इसे तैयार कर सकते हैं। इसके लिए रंगीन पेपर, ग्लू और धागे की जरूरत होगी। सबसे पहले रंगीन पेपर लें और इसे चौकोर या फूल के आकार में काटें। अब इसके ऊपर अलग-अलग टुकड़ों में शुभ लाभ या दीपावली लिखें। अब इन टुकड़ों को रस्सी के ऊपर चिकपाएं। इसे और आकर्षक बनाने के लिए पेपर से दीयों की कटिंग कर सकते हैं और इन्हें तोरण के नीचे लटका सकते हैं।
पेपर वॉल हैंगिंग
अलग-अलग रंग के पेपर से छोटे-छोटे कई सारे फूल बनाएं। अब इन फूलों को एक गोल कार्डबोर्ड के ऊपर चिपकाएं। एक के ऊपर एक फूलों को इस तरह चिपकाएं कि डिजाइन बन जाए। अब नीचे लटकन तैयार करने के लिए पोम-पोम बनाएं। इसके लिए पेपर को चौकोर काटें और अब इसे कोने से गोल करके किनारों को चिपका दें। इसे रस्सी की मदद से ऊपर-नीचे लगाएं।
