आंवला सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन C सहित कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने और पाचन को बेहतर बनाए रखने में मददगार होते हैं। वैसे तो आंवले से मुरब्बा सहित कई तरह की चीजें तैयार की जाती हैं।

वहीं, आंवले से अक्सर लोग अपने घरों में कैंडी तैयार करते हैं। हालांकि, कई बार इसकी रेसिपी की सही जानकारी नहीं होने के कारण यह सही तरीके से तैयार नहीं हो पाती है। ऐसे में फेमस यूट्यूब शेफ पारुल गुप्ता ने इसकी रेसिपी अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है, जिसकी मदद से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। साथ ही, इसे आपको धूप में सुखाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

आंवला कैंडी बनाने की सामग्री

500 ग्राम ताजा आंवला
300 ग्राम चीनी
कद्दूकस किया हुआ अदरक
नमक
आधा छोटा चम्मच काला नमक
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
2 चम्मच कॉर्न फ्लोर
1 छोटा चम्मच घी
कोटिंग के लिए पिसी हुई चीनी, चाट मसाला
पानी

आंवला कैंडी बनाने की रेसिपी

स्टेप-1

आंवला कैंडी बनाने के लिए सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर स्टीम कर लें। जब आंवले स्टीम हो जाएं, तो इनके बीज निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब मिक्सी जार में आंवले के टुकड़े और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर बारीक पेस्ट बना लें।

स्टेप-2

अब एक पैन में थोड़ा सा घी डालकर गर्म करें। जब घी गर्म हो जाए, तो इसमें आंवले का पेस्ट, चीनी, नमक और काला नमक डालकर अच्छी तरह पकाएं। कुछ समय बाद पेस्ट गाढ़ा होने लगेगा। अब इसमें नींबू का रस और कॉर्न फ्लोर को पानी में घोलकर डालें। इसके बाद एक छोटा चम्मच घी डालकर इसे कुछ समय तक और पकाएं।

स्टेप-3

जब यह मिश्रण पैन छोड़ने लगे, तो एक ट्रे में बटर पेपर बिछाकर उस पर हल्का घी लगा दें। फिर इस मिश्रण को ट्रे में फैला दें और करीब आधे घंटे तक ऐसे ही छोड़ दें। इससे यह मिश्रण पूरी तरह सेट हो जाए। अब इसे अपने अनुसार काट लें। अंत में पिसी हुई चीनी और थोड़ा चाट मसाला मिलाकर कैंडी के टुकड़ों पर कोटिंग कर लें। इस तरह आप घर पर ही आंवला कैंडी आसानी से तैयार कर सकते हैं।