Chutney Recipes: बारिश की बूंदें और ठंडी-ठंडी हवाओं के बीच चाय की चुस्की का स्वाद बहुत ही मजेदार लगता है। ऐसे मौसम में हर कोई चाय के साथ पकोड़े खाना पसंद करता है। ऐसे में चटनी के बिना इसका स्वाद अधूरा लग सकता है। अगर आप एक ही तरीके से चटनी बनाते हुए बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। यहां दी गई चटनी की इन आसान रेसिपी की मदद से चाय और पकोड़े का स्वाद दोगुना किया जा सकता है।
टमाटर की चटनी
पकोड़े के साथ बारिश के मौसम में टमाटर की हल्की खट्टी और मसालेदार चटनी बना सकते हैं। इसके लिए टमाटर, लहसुन, हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च, नमक और थोड़ा-सा तेल चाहिए। सबसे पहले टमाटर को हल्का भून लें और सभी सामग्री के साथ पीस लें। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए आप तड़का भी दे सकते हैं। इसके लिए एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई और करी पत्ता डालें। अब इस तड़के को चटनी के ऊपर डालें। यह चटनी आलू, प्याज या मिक्स वेज पकोड़ों के साथ खूब पसंद की जाती है।
मूंगफली की चटनी
अगर कुछ अलग स्वाद चाहते हैं, तो मूंगफली की चटनी ट्राई कर सकते हैं। भुनी हुई मूंगफली, हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, नमक और थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर चटनी पीस लें। नींबू के रस की जगह आप आमचूर पाउडर या इमली का पल्प भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह चटनी स्नैक्स के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगती है।
खजूर-इमली की चटनी
मीठे और खट्टे स्वाद वाली चटनी ट्राई करनी है, तो खजूर-इमली की चटनी बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इसके लिए भीगे हुए खजूर, इमली का गूदा, गुड़, भुना जीरा, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर को मिक्सर में पीस लें। इसे आप समोसे, कचौरी और पकोड़ों के साथ खा सकते हैं।
पुदीना-धनिया की चटनी
ताजा पुदीना, हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, नींबू का रस और नमक डालकर इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसका ताजगी भरा स्वाद बारिश के मौसम में गर्मागर्म पकोड़ों के साथ बहुत बेहतरीन लगता है।
लाल मिर्च की चटनी
अगर आपको तीखा खाना पसंद है, तो लाल मिर्च की चटनी बना सकते हैं। इस चटनी को सूखी लाल मिर्च, लहसुन, टमाटर, नमक और थाड़ा नींबू का रस मिलाकर तैयार करें। इसे ब्रेड पकोड़े, मिर्ची भजिया या आलू के पकोड़ों के साथ खाया जा सकता है।
