कान में थोड़ी-बहुत मैल यानी ईयरवैक्स जमा होना सामान्य बात है। यह कान की नली को धूल-मिट्टी से बचाने और उसे सुरक्षित रखने में मदद करता है। यह कान से कई बार खुद से बाहर निकल आता है। लेकिन जब वैक्स ज्यादा जमा होकर कान बंद करने लगे या सुनाई देने में परेशानी होने लगे, तब उसे निकालने की जरूरत पड़ सकती है।
कई लोग खुद से ही कान का मैल साफ करते समय कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जिसकी वजह से उन्हें बाद में समस्या हो सकतीहै। कान के अंदर कॉटन बड या कोई दूसरी चीज डालना खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में आपको ऐसी गलतियों के बारे में पता होना चाहिए। साथ ही किस तरह से घर में कान को साफ कर सकते हैं यह भी यहां जानेंगे।
कॉटन बड से कान साफ करना बंद कर दें
अगर आप अभी भी कॉटन बड वैक्स को बाहर निकालते हैं तो इसे बंद कर दें। इससे मैल कान की नली में और अंदर जा सकता है। वैक्स अंदर जमकर कान बंद कर सकता है। इससे कान की त्वचा या पर्दे पर चोट भी लग सकती है।
कान की मैल साफ करते समय ये गलती न करें
कान के अंदर कॉटन बड, हेयरपिन, माचिस या कोई नुकीली चीज न डालें। ईयर कैंडलिंग न करें। इससे कान जलने या कान को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है। कान में दर्द, पानी, पीप जैसा डिस्चार्ज या संक्रमण का शक हो तो खुद से ड्रॉप्स डालकर इलाज न करें।
ईयरवैक्स निकालने का सही तरीका
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अनुसार, कुछ मामलों में मेडिकल-ग्रेड ऑलिव ऑयल या बादाम के तेल की 2-3 बूंदें कान में डालकर कुछ मिनट उसी करवट लेटने से वैक्स नरम हो सकता है। बादाम से एलर्जी हो तो बादाम का तेल इस्तेमाल न करें।
ईयरवैक्स-सॉफ्टनिंग ड्रॉप्स
कुछ ड्रॉप्स वैक्स को नरम या घोलने में मदद करते हैं। Mayo Clinic के मुताबिक इन्हें लेबल, डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह के अनुसार इस्तेमाल करना बेहतर है।
वैक्स नरम होने के बाद उसे खुद बाहर आने दें
कान की अपनी प्राकृतिक सफाई प्रक्रिया होती है। जब वैक्स नरम हो जाता है तो वह धीरे-धीरे बाहर आ सकता है। उसे निकालने के लिए अंदर कोई चीज डालने की जरूरत नहीं है।
कान का मैल का सबसे सुरक्षित तरीका
ईयर वैक्स को निकालने का सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि आप किसी एक्सपर्ट या डॉक्टर के पास जाएं। खुद से कान साफ करने पर आपको कान में दर्द या संक्रमण की दिक्कत हो सकती है।
अगर वैक्स से सुनाई कम दे रही है, कान बहुत बंद लग रहा है या घरेलू उपाय से राहत नहीं मिल रही, तो डॉक्टर/ENT विशेषज्ञ कान देखकर जरूरत के मुताबिक माइक्रोसक्शन, विशेष उपकरण या उपयुक्त इरिगेशन से वैक्स निकाल सकते हैं।
कान को साफ रखने के लिए करें ये काम
अगर आप नहीं चाहते हैं कि आपके कान में मैल जमा हो तो कान को साफ रखने के लिए आप एक बात का ध्यान रखें। रोजाना नहाने के बाद तौलिए के किनारे से कान को साफ करें। उसे कान में घुमाएं। नहाने के बाद मैल नरम हो जाता है जो आसानी से बाहर निकल सकता है। इसके साथ ही आप नहाने के बाद गीले कपड़े से कान को जरूर साफ करें।
कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
अगर आपके कान में दर्द, कम सुनाई देने में समस्या, कान से पानी या डिस्चार्ज, चक्कर या लगातार घंटी बजने जैसी समस्या हो, तो इसे सिर्फ ईयरवैक्स मानकर खुद इलाज न करें। यह कान की समस्या के संकेत भी हो सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
