नाक-कान छिदवाना यूं तो काफी प्राचीन परंपरा है, लेकिन अब ये फैशन स्टेटस बन चुकी है। पहले जहां बच्चों को बचपन में कम उम्र में ही कान-नाक छिदवा दिए जाते थे, वहीं अब लोग बड़े होकर अपनी पसंद से भी पियर्सिंग करवाते हैं। यह युवाओं के लिए स्टाइल ट्रेंड बन गया है। महिलाएं अपने लुक में चार-चांद लगाने के लिए कान में जगह-जगह पियर्सिंग करवाती हैं। वहीं पुरुष भी कान छिदवाने का शौक रखते हैं। अगर आप भी Ear Nose Piercing करवाने का प्लान कर रहे हैं तो कुछ छोटी लेकिन अहम बातें आपको पता होनी चाहिए। कुछ सावधानियों को बरत कर आप दर्द और इंफेक्शन से बच सकते हैं।

पियर्सिंग हमेशा साफ और हाइजेनिक जगह पर ही करवाएं

कभी भी सड़क किनारे या गंदे सैलून में नाक-कान न छिदवाएं। ऐसा करने से इंफेक्शन का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। पियर्सिंग हमेशा साफ और हाइजेनिक जगह पर ही करवाएं। नई या स्टरलाइज की हुई सुई होनी चाहिए। साथ ही डिसइंफेक्ट किया हुआ उपकरण होना चाहिए।

पियर्सिंग से सफाई जरूरी

कभी भी पियर्सिंग करवाएं तो उससे पहले अपने कान-नाक को अच्छी तरह से साफ कर लें। इसके लिए आप स्पिरिट या एंटीसेप्टिक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे बैक्टीरिया मर जाते हैं और दर्द भी कम होता है।

पियर्सिंग के बाद सही धातु की बाली या नथ पहनें

जब भी आप पहली बार पियर्सिंग करवाएं तो उसके तुरंत बाद भारी या नकली ज्वेलरी न पहनें। आप मेडिकल प्लास्टिक, सोना-चांदी या सर्जिकल स्टील जैसी धातु से बनीं ज्वेलरी पहन सकते हैं। ऐसा करने से आप एलर्जी और सूजन से बचा सकते हैं।

पियर्सिंग के बाद रोजाना सफाई करें

पियर्सिंग के बाद रोजाना दिन में 2 बार सफाई करें। इसके लिए आप नमक मिले गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। या फिर डॉक्टर द्वारा बताई गई एंटीसेप्टिक क्रीम से हल्के हाथ से साफ करें।

बार-बार छूने और घुमाने से बचें

पियर्सिंग होने के बाद गंदे हाथों से कान-नाक को न छूएं। इससे इंफेक्शन हो सकता है। साथ ही बार-बार बाली न निकालें और न ही उसे घुमाएं। सूजन, पस या तेज दर्द हो तो लापरवाही न करें। ऐसे होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

इन बातों का रखें ध्यान

पियर्सिंग होने के बाद स्विमिंग पूल / गंदे पानी में न जाएं। भूलकर भी मेकअप या क्रीम सीधे उस जगह न लगाएं। हल्की जलन होने पर आप नारियल तेल, हल्दी मिला सरसों का तेल या फिर एलोवेरा जेल लगा सकती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।