घर में आप मेवों को मिलाकर बड़ी आसानी से ड्राई फ्रूट्स पाउडर तैयार कर सकते हैं। इसे दूध में मिलाने से न केवल दूध की पौष्टिकता बढ़ती है बल्कि स्वाद भी बढ़ जाता है।अगर बच्चों या बड़ों को सादा दूध पीना पसंद नहीं है, तो उसमें घर का बना ड्राई फ्रूट्स पाउडर मिलाकर देखिए।

बाजार में मिलने वाले कई फ्लेवर्ड मिल्क पाउडर में चीनी, फ्लेवर और दूसरी अतिरिक्त चीजें हो सकती हैं, जबकि घर पर पाउडर बनाते समय आप अपनी पसंद के मेवे चुनने के साथ चीनी की मात्रा भी अपने हिसाब से रख सकते हैं। इसे एक बार बनाकर एयरटाइट डिब्बे में रख लें और रोजाना दूध में मिलाकर इस्तेमाल करें।

ड्राई फ्रूट्स पाउडर बनाने के लिए जरूरी चीजें

बादाम – ½ कप
काजू – ½ कप
पिस्ता – ¼ कप
अखरोट – ¼ कप
इलायची – 4-5
मखाना – ½ कप
केसर – कुछ धागे, वैकल्पिक
जायफल – एक छोटी चुटकी, वैकल्पिक

नोट कर लें बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सबसे पहले बादाम, काजू, पिस्ता, अखरोट और मखाने को अलग-अलग या धीमी आंच पर हल्का सा ड्राई रोस्ट कर लें। इस बात का ध्यान रखें कि इन्हें ज्यादा भूनने या काला करने की जरूरत नहीं है। फिर भुने हुए मेवों को प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें।

अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो गर्म मेवों को पीसने पर पाउडर चिपचिपा हो सकता है। फिर मेवों को इलायची और केसर के साथ मिक्सर में छोटे-छोटे अंतराल में पीसें। लगातार चलाने के बजाय पल्स मोड में पीसना बेहतर रहेगा, ताकि मेवों से तेल ज्यादा न निकले। तैयार पाउडर को सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें।

दूध में कैसे मिलाएं?

एक गिलास गर्म या गुनगुने दूध में 1-2 चम्मच ड्राई फ्रूट्स पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। स्वाद के अनुसार खजूर का पाउडर या थोड़ी मिठास अलग से मिला सकते हैं।

जानें दूसरा तरीका

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

250 ग्राम मखाना
150 ग्राम काजू
150 ग्राम बादाम
200 ग्राम रोस्टेड चना
50 ग्राम तिल
स्वादानुसार गुड़
जरूरत के अनुसार थोड़ा घी

अब जानें बनाने का तरीका

इस पाउडर को एनर्जी बूस्टर पाउडर भी कहा जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले मखाने को एक कड़ाही में थोड़ा सा घी डालकर धीमी आंच पर हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद इसमें काजू और बादाम डालकर कुछ मिनट हल्का रोस्ट करें। ध्यान रखें कि मेवे ज्यादा न भुनें। अब तिल को अलग से धीमी आंच पर हल्का गर्म कर लें।

इसके बाद भुने हुए मखाने, काजू, बादाम और तिल को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। जब सभी चीजें ठंडी हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर में डालें। इसमें रोस्टेड चना भी मिला दें और सभी चीजों को पीसकर बारीक पाउडर तैयार कर लें। आखिर में स्वाद के अनुसार गुड़ डालकर एक बार फिर हल्का पीस लें।