Carpet Cleaning Hacks: घर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए बेडरूम, लिविंग रूम या हॉल में कारपेट को बिछाया जाता है। इससे कमरा दिखने में आकर्षक लगता है और चलने पर पैरों को भी आराम मिलता है। हालांकि कई कारणों की वजह से कारपेट गंदे और काले दिखने लगते हैं। भारी होने की वजह से इन्हें बार-बार साफ करना भी कई बार मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इन्हें ड्राई क्लीन किया जा सकता है। इसके लिए आपको बाजार में ज्यादा पैसे देने की जरूरत नहीं है। बल्कि घर पर ही कुछ चीजों की मदद से आसानी से ड्राई क्लीन किया जा सकता है।

कारपेट का इस्तेमाल आमतौर पर घर को सजाने में इस्तेमाल किया जाता है। इससे लिविंग रूम आकर्षक और खूबसूरत नजर आता है। खासतौर पर सर्दियों के मौसम में कारपेट ठंडक से बचाव करने में भी मदद करते हैं। टाइल्स और मार्बल पर कारपेट पैरों को गर्माहट और आरामदायक एहसास देते हैं। घर में मौजूद छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा कारपेट धूल के बारीक कणों को अपनी सतह पर रोक लेता है।

रोजाना घर में आने-जाने वाले लोगों के जूतों या पैरों की धूल, मिट्टी और रेत कारपेट के रेशों में फंस जाते हैं। पालतू जानवरों के बाल, खिड़की-दरवाजों से आने वाली धूल, चाय-कॉफी के दाग और सफाई के दौरान की गई गलतियां कारपेट के गंदे होने की वजह हो सकती हैं।

सबसे पहले धूल साफ करें

कारपेट को साफ करने के लिए आपको इसे उठाने की जरूरत नहीं है। बल्कि जमीन पर बिछे हुए भी आप इसे आसानी से साफ कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको कारपेट पर अच्छी तरह झाड़ू लगाना होगा। इससे ऊपर मौजूद धूल-मिट्टी और गंदगी हट जाएगी। अब इसे उल्टा करके भी अच्छी तरह झाड़ लें ताकि सारी मिट्टी फर्श पर आ जाए। अब फर्श को साफ कर लें और कारपेट को दोबारा बिछा दें।

सामग्री

बेकिंग सोडा- 2 कप
पानी- 1 लीटर
नमक- 2 चम्मच
सफेद सिरका- 2 चम्मच
शैंपू- 2 चम्मच

ड्राई क्लीन करने का तरीका

इसके बाद मुट्ठीभर बेकिंग सोडा लें और इसे पूरे कारपेट पर अच्छी तरह छिड़क दें। ध्यान रखें कि कारपेट बड़ा होगा, तो बेकिंग सोडा की मात्रा उस हिसाब से रखें। अब एक लीटर पानी में नमक, शैंपू और सफेद सिरका डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब डस्टर या साफ कपड़े को पानी में अच्छी तरह दो से तीन बार भिगोकर निचोड़ लें। अब इस कपड़े से दो से चार बार कारपेट को साफ करें। अगर कारपेट ज्यादा गंदा है, तो डस्टर से दोबारा इसे साफ करें। अब कारपेट को अच्छी तरह सूखने दें और इसके बाद ही इसे इस्तेमाल करें। इस तरह भारी कारपेट को भी आसानी से साफ किया जा सकता है।