भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक नवरात्रि भी है, जिसे पूरे देश में बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। लेकिन नवरात्रि से पहले मंदिर की सफाई भी जरूरी है। घर में रखे मंदिर की जालियों में समय के साथ धूल-मिट्टी जमा होती है। इसके साथ ही दीया, अगरबत्ती और धूप की लौ से ऊपरी सतह काली पड़ जाती है। मंदिर की सफाई में काफी समय लगता है। लेकिन कुछ आसान तरीके हैं, जिनकी मदद से आसानी से सफाई की जा सकती है।

सामान हटाएं

सबसे पहले मंदिर से भगवान की मूर्तियों और तस्वीरों को सावधानी से हटाकर अलग रख दें। मंदिर को पूरी तरह खाली कर दें ताकि सफाई करने में आसानी हो।

धूल-मिट्टी साफ करें

जब मंदिर पूरी तरह खाली हो जाए, तो एक सूती कपड़े की मदद से मंदिर की अलमारियों, शेल्फ और आसपास की जगह से धूल साफ कर लें। लकड़ी के मंदिर के लिए मुलायम सूखे कपड़े का इस्तेमाल करें। जाली को भी कपड़े से पोंछकर अच्छी तरह धूल साफ कर लें। इसके बाद मूर्तियों पर अगर धूल जमी है, तो उसे भी मुलायम और साफ कपड़े की मदद से पोंछ लें।

दाग हटाने का तरीका

लकड़ी के मंदिर पर लगे दाग को हटाने के लिए सबसे पहले कपड़े को हल्का गीला कर लें। अब उससे मंदिर की सतह पोंछें। इसके तुरंत बाद सूखे कपड़े से नमी हटा दें। इससे हल्के दाग साफ हो सकते हैं।

जाली और नक्काशी की सफाई

मंदिर के कोनों, नक्काशी, जाली और छोटी-छोटी जगहों पर धूल जल्दी जमा होती है। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए मुलायम ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्रश से धूल निकालने के बाद पूरे मंदिर को एक बार मुलायम कपड़े से पोंछ दें।

जिद्दी दाग हटाने का आसान तरीका

अगर मंदिर में दीयों या धूप का काला दाग लगा है तो उसे साफ करने के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा लिक्विड सोप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका घोल बनाकर उसमें मुलायम कपड़ा भिगोकर दाग वाली जगह को साफ कर लें। इसके बाद सूखे कपड़े से अच्छी तरह साफ कर दें। अगर मंदिर में दरवाजे लगे हैं, तो सफाई के बाद उन्हें खुला छोड़ दें, ताकि नमी पूरी तरह निकल जाए। इस तरह आप नवरात्रि से पहले झटपट मंदिर सफाई कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें
बेडरूम को देना है क्लासी लुक, तो खाली पड़े कोनों का ऐसे करें इस्तेमाल