पुराना बाउल (कटोरे) को फेंकने के बजाय गार्डनिंग में क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। आजकल लोग घर की पुरानी चीजों को रीयूज करके न सिर्फ पैसे बचा रहे हैं, बल्कि अपने घर, बालकनी को एक यूनिक और पर्सनल टच भी दे रहे हैं। पुराने बाउल्स को थोड़ी-सी क्रिएटिविटी के साथ इस्तेमाल करके आप उन्हें खूबसूरत प्लांटर, सजावटी पीस या मिनी गार्डन में बदल सकते हैं। इन छोटे-छोटे बाउल्स को आप अपनी बालकनी, खिड़की या टेबल गार्डनिंग में रखकर आकर्षक लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं पुराने बाउल को किन-किन खूबसूरत तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं।
1- मिनी प्लांटर
पुराने बाउल को छोटे-छोटे पौधों के लिए प्लांटर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें आप सक्युलेंट, कैक्टस या छोटे फूलों वाले पौधे लगा सकते हैं। बाउल में सावधानी से छोटा छेद कर दें, इससे पानी जमा नहीं होगा। यह टेबल, बालकनी या विंडो साइड के लिए परफेक्ट रहेगा।
2- हर्ब गार्डन
किचन में इस्तेमाल होने वाली पुदीना, तुलसी, धनिया आदि जैसे जड़ी-बूटियों वाले पौधों को भी बाउल में उगा सकते हैं। इससे किचन का लुक भी आकर्षक लगेगा और साथ ही आपको ताजे हर्ब्स भी मिलेंगे।
3- वाटर गार्डन
अगर आपके पास गहरा बाउल है, तो उसमें छोटा सा वाटर गार्डन बना सकते हैं। इसमें आप पानी वाले पौधे जैसे मनी प्लांट या लकी बैंबू लगा सकते हैं। इसके अलावा रंग-बिरंगे पत्थर और फ्लोटिंग कैंडल डालकर आप इसे और भी आकर्षक बना सकते हैं।
4- हैंगिंग प्लांटर
बालकनी में लटकते गमलों में पौधे घर की शोभा बढ़ाते हैं। अगर गमलों की जगह आप बाउल का इस्तेमाल करें तो यह बालकनी को और आकर्षक बना सकते हैं। पुराने बाउल को रस्सी या चेन की मदद से लटका सकते हैं।
5- DIY टेरेरियम
ग्लास बाउल हो तो उसमें टेरेरियम बनाना सबसे आसान और बेहतरीन आइडिया साबित हो सकता है। इसमें मिट्टी, कंकड़, छोटे पौधे और सजावटी आइटम डालकर एक मिनी इकोसिस्टम तैयार किया जा सकता है। यह इंडोर और आउटडोर दोनों जगहों पर डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
Also Read
खाली परफ्यूम की बोतलों से बनाएं होम डेकोर क्राफ्ट, यहां देखें 5 यूनिक आइडियाज
