दिवाली के मौके पर लोग अपने घर को खूबसूरत तरीके से सजाते हैं, जिसकी तैयारियां कई दिन पहले से ही चलती हैं। इस दौरान लगभग घर के हर हिस्से को सजाया जाता है। बेडरूम, लिविंग रूम, बालकनी से लेकर छतों तक पर सजावट की जाती है। इस दिवाली आप अपने बेडरूम को खास अंदाज में सजाकर इसे फेस्टिव लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे बेडरूम को खूबसूरत और आकर्षक फेस्टिव लुक दिया जाए।
1- बेडशीट और कुशन कवर
बेडरूम को नया लुक देने के लिए बेडशीट और कुशन कवर को बदलना अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। दिवाली के मौके पर लाल, मैरून, पीले, हरे या सुनहरे रंग की बेडशीट चुन सकते हैं। इसके साथ कुशन कवर भी मैच किया जा सकता है। इसके अलावा बेडशीट पर एक खूबसूरत थ्रो या हल्की सजावटी चादर बिछाकर भी इसे आकर्षक बनाया जा सकता है। इसे आप पर्दे के रंग से मेल खाता भी चुन सकते हैं।
2- लाइट्स से सजाएं
दिवाली में लाइट्स का खास महत्व होता है। ऐसे में आप अपने बेडरूम को सजाने के लिए गर्म पीली रोशनी वाली फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें बेड के पीछे वाली दीवार, पर्दों के किनारों या कमरे की किसी खाली दीवार पर लगा सकते हैं। इससे कमरा थोड़ा आकर्षक नजर आता है। आप चाहें तो, बेड के पीछे वाली दीवार पर लाइट्स लगा सकते हैं। इससे कमरा खूबसूरत दिखने के साथ ही सजावट भी जरूरत से ज्यादा नहीं लगती।
3- पर्दे से बदलें लुक
कमरे का लुक बदलने में पर्दे अहम भूमिका निभा सकते हैं। लंबे समय से एक ही तरह के पर्दे लगे हैं, तो दिवाली पर उन्हें बदलकर नया लुक दिया जा सकता है। हल्के रंग की दीवारों के साथ गहरे रंग के पर्दे अच्छे लगते हैं। वहीं, गहरे रंग की दीवारों वाले कमरों में क्रीम, बेज या हल्के सुनहरे रंग के पर्दे जगह को खुला और रोशन दिखाने में मदद करते हैं। इसके साथ आप मैचिंग की बेडशीट और कुशन कवर रख सकते हैं।
4- खाली कोने को सजाएं
अगर बेडरूम का कोई कोना खाली है, तो उसे सजाकर कमरे को आकर्षक बनाया जा सकता है। वहां, एक सुंदर ट्रे में फूल, सजावटी कटोरी, पीतल का छोटा शोपीस और एलईडी कैंडल रख सकते हैं। साथ ही फूलों की माला या फूलों की पंखुड़ियों से भी सजावट कर सकते हैं।
5- फूलों से सजाएं कमरा
दिवाली की सजावट में फूलों का भी खूब इस्तेमाल किया जाता है। बेडरूम में फूलों के इस्तेमाल से कमरे को प्राकृतिक और खुशनुमा लुक मिलता है। आप गेंदे, गुलाब या रजनीगंधा के फूलों को छोटे फूलदान में सजाकर बेडसाइड टेबल पर रख सकते हैं। इसके अलावा दरवाजे के पास फूलों की छोटी माला या किसी कोने में फूलों की पंखुड़ियों से सजावट कर सकते हैं।
6- छोटे कालीन और फुट मैट का करें इस्तेमाल
बेडरूम में बेड के पास एक छोटा कालीन या फुट मैट रखकर भी कमरे का लुक बदला जा सकता है। दिवाली के लिए पारंपरिक डिजाइन, ज्यामितीय पैटर्न या गहरे रंगों वाला कालीन चुना जा सकता है। हल्के रंग के कमरे में मैरून, हरा या जंग जैसा रंग खूबसूरत लग सकता है। गहरे रंगों वाले कमरे में हल्के रंग का कालीन बिछाया जा सकता है।
7- खुशबू का भी रखें ध्यान
सजावट के साथ कमरे में अगर अच्छी खुशबू हो तो माहौल काफी खुशनुमा रहता है। कमरे में हल्की और मनपसंद खुशबू सुकून का एहसास करा सकती है। इसके लिए आप अच्छी तरह हवादार कमरे में हल्की खुशबू वाला रूम फ्रेशनर या डिफ्यूजर इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह आप दिवाली के मौके पर बेडरूम को खास अंदाज में सजाकर कमरे को फेस्टिव लुक दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें
दीवाली की सजावट के लिए सूती साड़ी से बनाएं सुंदर तोरण, आसान है तरीका
