भारत में धूमधाम से मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में से दीवाली भी शामिल है। दीवाली से पहले लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं। इस दौरान किचन, बेडरूम और बालकनी से लेकर घर का कोना-कोना साफ किया जाता है। लेकिन कई बार कुछ छोटी-छोटी चीजों की सफाई करना भूल जाते हैं, जिसमें डोरमैट भी शामिल है। घर के मुख्य दरवाजे, बाथरूम के बाहर से लेकर अन्य जगहों पर रखे डोरमैट में दिनभर धूल, मिट्टी और जूतों-चप्पलों से आने वाली गंदगी जमा हो जाती है। ऐसे में लंबे समय तक इनकी सफाई न होने पर इसमें धूल-मिट्टी जम जाती है।
डोरमैट को साफ करने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती। कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप इसे आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए विस्तार से इसके बारे में जानते हैं।
स्टेप-1
सबसे पहले डोरमैट को बाहर लेकर अच्छी तरह उसे झाड़ दें। इससे उसमें जमा धूल, सूखी मिट्टी, बाल और दूसरी गंदगी आसानी से निकल सकते हैं। अगर डोरमैट मोटा है, तो उसे हाथों से थपथपाकर भी साफ कर सकते हैं। अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर है तो उसकी मदद से भी इसकी सफाई की जा सकती है।
स्टेप-2
कई बार डोरमैट में बाल भी चिपके रहते हैं, ऐसे में इनकी सफाई के लिए आप कपड़े साफ करने वाले ब्रश या कालीन साफ करने वाले ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। ब्रश की डोरमैट से को हल्के हाथ से रगड़कर साफ करें, इससे उसमें चिपके बाल ब्रश में आ जाते हैं।
स्टेप-3
अगर डोरमैट पर मिट्टी के दाग या पैरों के निशान हैं, तो उसे आप साबुन और साफ पानी से धो सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा-सा माइल्ड डिटर्जेंट मिला लें। अब ब्रश को इस घोल में डुबोकर डोरमैट को हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद साफ पानी से उसे अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें।
स्टेप-4
अगर रबर या प्लास्टिक का डोरमैट है, तो उसे पानी में डालकर साफ करें। सबसे पहले पानी से साफ कर लें, इसके बाद साबुन के घोल और ब्रश की मदद से इसे साफ करें। कोनों और खांचों में जमा गंदगी निकालने के लिए पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद साफ पानी से धोकर इसे सुखा लें।
स्टेप-5
काफी लोग डोरमैट को वॉशिंग मशीन में भी धोते हैं। लेकिन इससे पहले उसका केयर लेबल जरूर देखें। कुछ ऐसे डोरमैट होते हैं, जिन्हें मशीन में नहीं धोना चाहिए। वहीं, जूट और नारियल के रेशों से बने डोरमैट को ज्यादा पानी में भिगोने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई में बेडबॉक्स भी करें खाली, कपड़े रखने के इन तरीकों से बचाएं जगह
