घर में कई सामान जब खराब हो जाते हैं या फिर पुराने हो जाते हैं, तो उन्हें बदल दिया जाता है। पुराने सामान को अक्सर लोग फेंक देते हैं या फिर स्टोर रूम के किसी कोने में बेकार समझकर रख देते हैं। लेकिन थोड़ी सी समझदारी से आप कई पुरानी चीजों को घर के कामों में दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हीं में से एक है दीवार पर टांगने वाली घड़ी। घड़ी जब काम करना बंद कर देती है या फिर पुरानी हो जाती है तो लोग इसे हटाकर नई घड़ी लगा देते हैं। पुरानी घड़ी को अक्सर फेंक दिया जाता है। लेकिन आपकी ये पुरानी घड़ी घर के सजावट में काफी काम आ सकती है।

1- जूट रस्सी से सजाएं

पुरानी या खराब घड़ी को आप जूट की रस्सी से भी खूबसूरत और आकर्षक बना सकते हैं। इसके लिए कार्डबोर्ड को घड़ी के आकार के अनुसार काट लें। अब उस पर जूट की रस्सी को 3-4 परतों में गोलाई में लपेटते हुए अच्छी तरह चिपका दें। इसके बाद बीच में घड़ी के डायल के अनुसार छेद बनाकर घड़ी को फिट कर दें। अब घड़ी के निचले हिस्से में जूट की रस्सी से बनी कई छोटी-छोटी लटकन लगाएं और उनके सिरों पर फुंदियां जोड़ दें। चाहें तो छोटे आर्टिफिशियल फूलों, मोतियों, लेस या शंख से भी सजा सकते हैं। इस तरह आपकी पुरानी घड़ी एक आकर्षक बोहो स्टाइल में कमरे की खूबसूरती बढ़ाने में मदद करेगी।

2- किचन के लिए बनाएं डेकोरेटिव आइटम

आप पुरानी घड़ी को नया लुक देकर किचन में भी लगा सकते हैं। इसके लिए पुरानी घड़ी और पुराने किचन के सामान, जैसे- चम्मच, कांटे या छोटे स्पैचुला को अच्छी तरह साफ कर के ब्लैक मेटैलिक या अपनी पसंद के किसी भी स्प्रे पेंट से रंग दें और पूरी तरह सूखने दें। इसके बाद एक मजबूत गोल कार्डबोर्ड लें और उसके चारों ओर चम्मचों को बराबर दूरी पर वायर, मजबूत गोंद या जूट की रस्सी की मदद से फिक्स कर दें। चम्मच अच्छी तरह बंधे होने चाहिए। अंत में कार्डबोर्ड के बीच में घड़ी के डायल के अनुसार छेद करके घड़ी को उसमें फिट कर दें। यह दिखने में यूनिक और आकर्षक लगेगा।

3- बनाएं खूबसूरत फोटो फ्रेम

खराब पड़ी घड़ी को फेंकने की बजाए आप इससे खूबसूरत फोटो फ्रेम बना सकते हैं। इसके लिए घड़ी की मशीन, सुइयों और बैटरी को निकाल दें। अब घड़ी के डायल के अंदर अपनी पसंदीदा तस्वीरें, जैसे परिवार, बच्चों, यात्रा या शादी की यादगार फोटो चिपका दें। चाहें तो पूरे डायल पर एक बड़ी तस्वीर लगा सकते हैं। तैयार फोटो फ्रेम को लिविंग रूम, बेडरूम या फैमिली गैलरी वॉल पर सजा सकते हैं। आप फोटो फ्रेम के किनारों को जूट रस्सी, लकड़ी की पट्टियों या लेस से सजा सकते हैं। इसके चारों ओर फेयरी लाइट लगाकर इसे और भी आकर्षक बना सकते हैं।

4- क्ले से बनाएं खूबसूरत डिजाइन

पुरानी या खराब पड़ी घड़ी को आप एयर-ड्राई क्ले की मदद से नया लुक दे सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले घड़ी को अच्छी तरह साफ कर लें। अब एयर-ड्राई क्ले में थोड़ा सा फेविकोल मिलाकर उसे मुलायम बना लें। इसके बाद घड़ी के किनारों पर पेड़ की शाखाएं, बेलें या टहनियां बनाकर चिपका दें। फिर अलग-अलग रंगों की क्ले से छोटे-छोटे फूल, पत्तियां और कलियां तैयार करें और उन्हें शाखाओं पर सजा दें। चाहें तो बीच-बीच में तितलियां या छोटे पक्षियों या तितलियों की तस्वीर भी लगा सकते हैं। आप इसे अपने लिविंग रूम, बेडरूम या फिर बालकनी में भी लगा सकते हैं।

5- विंटेज वॉल आर्ट में बदलें

अगर आपके पास एंटीक या क्लासिक डिजाइन वाली घड़ी है, तो उसे फेंकने की बजाए एक खूबसूरत विंटेज वॉल आर्ट बना सकते हैं। इसके लिए घड़ी को गोल्ड, कॉपर, व्हाइट या किसी पेस्टल शेड से पेंट करें। पेंट सूखने के बाद उस पर फ्लोरल पैटर्न, स्टेंसिल आर्ट या टेक्सचर पेस्ट की मदद से उभरा हुआ डिजाइन बनाएं। चाहें तो किनारों पर हल्की डिस्ट्रेस फिनिश देकर इसे और भी विंटेज लुक दे सकते हैं। अब इसे आप फोटो फ्रेम, छोटे मिरर या अन्य वॉल हैंगिंग के साथ गैलरी वॉल पर सजा सकते हैं।

Also Read
पुराने पिलो कवर से बनाएं 5 खूबसूरत होम डेकोर आइटम्स