अलमारी को खोलते ही अगर आपको हल्की गंध महसूस होती है, तो अंदर रखे कपड़ों को कई बार पहनने का मन नहीं करता है। इससे पूरा मूड खराब हो जाता है। नमी, हवा की कमी या फफूंद की वजह से अलमारी और अंदर रखे कपड़ों से हल्की गंध आ सकती है। हालांकि कई लोग इसे दूर करने के लिए एयर फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं। रोजाना केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना अच्छा नहीं माना जाता है। ऐसे में घरेलू तरीके काफी असरदार और मददगार साबित हो सकते हैं। अगर आप अपनी अलमारी को खुशबूदार बनाए रखना चाहते हैं, तो गुलाब और लैवेंडर के फूलों की पोटली बनाकर रख सकते हैं। इसकी खुशबू से कपड़ों में ताजगी बनी रह सकते है और उनसे आने वाली गंध को भी कम किया जा सकता है।
अलमारी को खुशबूदार बनाए रखने के लिए कई बार महंगे एयर फ्रेशनर का इस्तेमाल किया जाता है। सेंटेड ड्रॉअर लाइनर, हर्बल सैशे बैग्स या कपड़ों के लिए फ्रेशनर स्प्रे का भी उपयोग किया जाता है। इनसे लंबे समय तक खुशबू को बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि इन महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय आप आसान घरेलू नुस्खा भी अपना सकते हैं। इससे कपड़ों में लंबे समय तक खुशबू बनाए रखने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं इस देसी नुस्खे के बारे में।
जरूरी सामग्री
सूखी गुलाब की पंखुड़ियां- 2 चम्मच
सूखी लैवेंडर- 1 चम्मच
साबुत लौंग- 4 से 5
सूती या मलमल का कपड़ा- पोटली के लिए
रिबन या सूती धागा- बांधने के लिए
बनाने का तरीका
अलमारी को खुशबूदार बनाए रखने के लिए गुलाब और लैवेंडर के फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों और लैवेंडर को धूप में अच्छी तरह सूखा लें। अब एक बाउल में लैवेंडर, गुलाब की पंखुड़ियां और लौंग को अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण को सूती कपड़े की पोटली बनाकर उसमें भर दें। अब इस पोटली को रिबन या धागे की मदद से बांध दें। इस तैयार पोटली को अलमारी के कोने में कपड़ों से अलग रख दें।
जरूरी टिप्स
इसे बनाने के लिए सामग्री को अच्छी तरह सूखा लें। अलमारी में रखी पोटली को लगभग 3-4 महीने में बदलते रहें। आप चाहें तो अलग-अलग खुशबू के लिए पोटली में दालचीनी या इलायची भी मिला सकते हैं। अगर अलमारी में सीलन है, तो पहले इसे अच्छी तरह साफ करके सुखा लें।
इस्तेमाल करने का तरीका
इस खुशबूदार पोटली का इस्तेमाल कपड़ों की अलमारी में किया जा सकता है। स्वेटर और मौसमी कपड़ों को सुरक्षित और खुशबूदार बनाए रखने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। जूते रखने की जगह पर इसे रखा जा सकता है। बैग या ट्रैवल पाउच में यह रख सकते हैं। इसके अलावा इसे साड़ियों वाले सूटकेस में भी रखा जा सकता है।
