DIY Hanging Lantern: लालटेन पुराने समय में घर में उजाले के लिए इस्तेमाल किए जाते थे। जब लाइट्स चली जाया करती थीं, तो इन्हें जलाया जाता है। हालांकि अब शहरों के अलावा गांव में भी लाइट्स हर समय उपलब्ध रहती हैं। ऐसे में पारंपरिक लालटेन को कोई अपने घर में नहीं रखता। हालांकि आधुनिक समय में लालटेन की बनावट में भी काफी बदलाव आया है। आजकल एलईडी लाइट्स या बल्ब वाली सजावटी लालटेन ट्रेंड में है। इन्हें त्योहारों या खास मौकों पर घर को सजाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसमें आपको तरह-तरह के डिजाइन मिल जाते हैं। जिसे अक्सर हम बाजार से खरीदते हैं।
दिवाली का मौका है और घर को आकर्षक बनाने के लिए इन सजावट की लालटेन का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि इसे बाजार से नहीं बल्कि खुद घर पर बनाया जा सकता है। कुछ सामान्य चीजों की मदद से आप खूबसूरत लालटेन बना सकती हैं। जिसे बालकनी, दरवाजे या लिविंग रूम की डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
कमल के फूलों वाली हैंगिंग
इसे बनाने के लिए आपको रंगीन पेपर, कार्डबोर्ड रिंग, डेकोरेटिव बीड्स, धागा और ग्लू की जरूरत होगी। अब रंगीन पेपर (लाल, सुनहरा, पिंक, पीला) से कमल के फूल के आकार की पंखुड़ियों को काट लें। इन्हें तीन अलग-अलग रंगों में काटें। अब तीनों पंखुड़ियों को एक साथ चिपका दें। ध्यान रखें कि बड़ी वाली पंखुड़ी पीछे, उससे छोटी आगे और सबसे छोटी ऊपर की तरह चिपकाएं। इसे कार्डबोर्ड रिंग के किनारे पर चिपकाते जाएं। इस तरह आप कमल के फूल का आकार दें। अब हैंगिंग बनाने के लिए बीड्स और छोटी घंटियों का इस्तेमाल करें। या फिर आप पेपर से टेसल्स बना सकती हैं। करीब 4 से 6 स्ट्रिंग्स तैयार कर लें। अब रिंग के अंदर फेयरी लाइट्स लगाएं। हैंगिंग स्ट्रिंग्स को लालटेन के चारों तरह लगाएं। इस तरह आपका हैंगिंग लालटेन तैयार हो जाएगा।
गुब्बारे और रस्सी से बनाएं लालटेन
आकर्षक और यूनिक लालटेन बनाने के लिए आप गुब्बारे और रस्सी या ऊन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले गुब्बारे को फुला लें। अब इसके ऊपर ग्लू लगाकर रस्सी या ऊन को चिपकाते जाएं। इसे आड़े-तिरछे करते हुए लपेट दें। अब इसे लगभग एक दिन तक सूखने के लिए छोड़ दें। जिससे गोंद की वजह से रस्सी कड़क हो जाएगी और लालटेन अच्छी तरह बन पाएगा। अब गुब्बारे को पिन की मदद से फोड़ दें, जिससे रस्सी का खोखला गोला तैयार हो जाएगा। इसके अंदर छोटा बल्ब या एलईडी लाइट फिट कर दें। अब इसे लटकाने के लिए ऊपर की तरह दोनों किनारे पर मोतियों से सजी रस्सी को बांध दें। इसे आप किसी भी कॉर्नर या खिड़की-दरवाजे पर लगा सकती हैं।
रस्सी की जगह आप चूड़ियों से भी हैंगिंग लालटेन बना सकते हैं। गुब्बारे के चारों ओर पुरानी चूड़ियों को एक-एक करके चिपकाएं और वही प्रक्रिया दोहराएं, जो रस्सी के लिए की गई थी। इस तरह आप पुरानी चूड़ियों का इस्तेमाल करके भी दिवाली पर घर को सजा सकते हैं।
