दिवाली आने से पहले ही घर की सजावट को लेकर तैयारियां शुरू हो जाती हैं। छत और घर की मुख्य दीवार पर लाइटों से सजावट की जाती है। कमरों और बाकी हिस्सों की सफाई होती है और मंदिर को भी सजाया जाता है। रंगोली, तोरण और फूलों की सजावट से घर आकर्षक और सुंदर दिखने लगता है। अपने घर की इस सजावट में चार चांद लगाने के लिए दरवाजे पर हैंगिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिसे आपको बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है। दरअसल हैंगिंग को आप कुछ सामान्य चीजों की मदद से अपनी पसंद के अनुसार बना सकते हैं।
तोरण के अलावा आप दरवाजे को सजाने के लिए हैंगिंग का उपयोग कर सकते हैं। तोरण जहां संस्कृति और परंपरा से जुड़ा होता है, वहीं डोर हैंगिंग आधुनिक तरीका है जिसमें लटकने वाली किसी भी सजावटी चीज से दरवाजे को सजाया जा सकता है। हैंगिंग लंबी, नीचे लटकने वाली, साइड में टांगने वाली या शो पीस जैसी भी हो सकती है। इसे आप मुख्य द्वार, दरवाजे या दीवार पर भी लगा सकते हैं।
बनाने का पहला तरीका
दरवाजे को सजाने के लिए हैंगिंग बनाना है, तो इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी होगी। सिंपल चीजों और आसान तरीके से हैंगिंग तैयार की जा सकती है। इसके लिए नकली फूलों, मोतियों और रस्सी की जरूरत होगी। अब सबसे पहले सुई में रस्सी को पिरो लें। नीचे की तरफ फूल रखें और फिर 8 से 10 मोतियों को डालें। इसके बाद फिर फूल पिरोएं और मोतियां डालें। इस तरह दरवाजे की लंबाई के अनुसार इसे तैयार कर सकते हैं। इसे टांगने के लिए हुक लगा सकते हैं। इस तरह आप चार हैंगिंग तैयार कर लें। फिर इसे दरवाजे के दोनों तरफ लगा दें।
बनाने का दूसरा तरीका
अगर आप दिवाली पर क्रिएटिव तरीके से घर को सजाना चाहते हैं, तो मुख्य द्वार या दरवाजे के पास हैंगिंग लगा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कार्डबोर्ड पर गोल आकार बनाएं और इसे काट लें। अब इसे चार्ट पेपर से अच्छी तरह कवर कर दें। इसके बाद मोतियों की माला लेकर गोल आकार के चारों तरफ सजाएं। इसके बीच में नकली फूल भी लगा सकते हैं। अब लड़ियां बनाने के लिए रस्सी में अलग-अलग रंग के मोती और बीच में फूल लगाएं। इस तरह आप तीन से चार लड़ियां तैयार कर लें। अब सभी चीजों को एक साथ जोड़ने के लिए एक लंबी डंडी लें। इसे भी फूलों और माला से सजा दें। अब इसके ऊपर एक-एक करके लड़ियां लगाएं और बीच में गोल आकार को रखें और इसे भी रस्सी की मदद से जोड़ दें।
साधारण हैंगिंग
मुख्य दरवाजे के दोनों तरह एक-एक हैंगिंग से सजावट की जा सकती है। जिसे बनाना बहुत ही सरल है। इसके लिए आप पेपर कप का इस्तेमाल कर सकते हैं। दो पेपर कप लें और इसे पहले गुलाबी रंग से पेंट कर दें। अब लेस लेकर इसे सजाएं। नीचे की तरफ छोटे-छोटे चार टैसल लटकाएं इसे ग्लू की मदद से चिपका दें। अब एक रस्सी लें और इसे मोतियों से पिराएं। रस्सी को अपनी मर्जी की लंबाई के अनुसार रखें। अब इसे कप के अंदर डालकर ऊपर की तरफ निकालें। रस्सी के ऊपर चूड़ी को सजाकर बांध सकते हैं, जिससे यह आसानी से टंग जाएगा।
