आजकल ज्यादातर लोग बाहर पिज्जा खाने के बजाय घर पर ऑर्डर करना पसंद करते हैं। पिज्जा खाने के बाद उसके खाली डिब्बों को साइड में रख दिया जाता है ताकि बाद में इसे कचरे या रद्दी में फेंका जा सके। ज्यादातर लोग यही करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पिज्जा का खाली डिब्बा आपके कितने काम आ सकता है। कार्डबोर्ड से बना यह डिब्बा घर को सजाने से लेकर चीजों को व्यवस्थित रखने में मददगार साबित हो सकता है। अगर आप भी पिज्जा का खाली डिब्बा फेंक देते हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है।

दरअसल पिज्जा के खाली डिब्बों को आप क्राफ्ट में इस्तेमाल कर सकते हैं। यह बच्चों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। हालांकि इन डिब्बों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह साफ कर लें। आइए जानते हैं इनसे क्या-क्या बनाया जा सकता है।

वॉल आर्ट

अगर आप आर्ट के शौकीन हैं, तो इस डिब्बे का इस्तेमाल बेहतरीन तरीके से किया जा सकता है। इससे आप वॉल आर्ट बना सकते हैं, जिसे घर की किसी भी दीवार पर लगाया जा सकता है। इस पर आप कैनवास डिजाइन कर सकते हैं। इसके लिए कार्डबोर्ड को काटें और उसके ऊपर सफेद कागज या कपड़े को गोंद की मदद से चिपकाएं। कागज या कपड़े को चारों तरह से अच्छी तरह चिपका दें। इसके बाद आप इसपर ऐक्रिलिक, वॉटरकलर या ऑयल से पेंटिंग बना सकते हैं।

चिड़ियों के लिए घोंसला

पिज्जा का खाली डिब्बा इस्तेमाल करके चिड़ियों के लिए घोंसला बनाया जा सकता है। जिसे आप पेड़ के ऊपर या किसी ऊंची जगह पर रख सकते हैं। अगर इसे लटकाना चाहते हैं, तो छेद करके इसमें रस्सी बांध सकते हैं। इसके अंदर आप सूखी घांस रख दें ताकि पक्षी को दिक्कत न हो। इसे बनाने के लिए आप बच्चों की मदद ले सकती हैं। यह उनके लिए आसान क्राफ्ट बन सकता है, जिसमें उन्हें काफी मजा आ सकता है।

गमले के नीचे रखें

अक्सर गमले के नीचे मिट्टी और पानी के दाग लग जाते हैं, जिसे कई बार साफ करने में परेशानी होती है। ऐसे में आप खाली पिज्जा का डिब्बा काटकर गमले के नीचे रख सकते हैं। इससे मिट्टी इधर-उधर नहीं फैलेगी और कचरा नहीं होगा। इस तरह आप घर के किसी भी कोने में बिना गंदगी के गमलों को रख सकते हैं।

बच्चों के लिए क्राफ्ट बोर्ड

घर में छोटे बच्चों को हर दिन कोई न कोई नया खिलौना जरूरी चाहिए होता है। ऐसे उनके लिए आप खाली पिज्जा के डिब्बों का इस्तेमाल करके DIY बोर्ड बना सकते हैं। इसका इस्तेमाल पजल बनाने में भी कर सकते हैं। इसके लिए किसी ड्रॉइंग या तस्वीर को कार्डबोर्ड के ऊपर चिपकाएं। अब पीछे की तरफ लाइन खींचकर इसे अच्छी तरह काटें। इस तरह बच्चों के लिए पजल तैयार किया जा सकता है।

ऑर्गेनाइजर

बच्चों या आपके छोटे-मोटे सामानों को रखने में भी इन डिब्बों को इस्तेमाल कर सकते हैं। पेन, पेंसिल, रबर, इयररिंग्स, सॉक्स, रूमाल या अन्य जरूरी चीजों को व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए पिज्जा का खाली डिब्बा इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे आप सजाने के लिए चारों तरह से रंगीन पेपर लगाएं और ऊपर से स्टिकर या कुछ डेकोरेटिव चीजों को चिपका सकते हैं। इससे यह देखने में आकर्षक लगेगा और चीजें भी ढंग से रखी रहेंगी।