आजकल DIY का चलन काफी बढ़ गया है। लोग अपने खाली समय में घर पर बेकार या आसानी से मिलने वाली चीजों की मदद से तरह-तरह के क्रिएटिव और सजावटी सामान तैयार करते हैं। अगर आपको भी घर पर सजावट के लिए कुछ नया और आकर्षक बनाने का शौक है, तो आप गुब्बारे की मदद से अपने डाइनिंग टेबल के लिए खूबसूरत मैजिकल लैंप शेड तैयार कर सकते हैं। कम पैसे में बना यह सजावटी सामान आपके पूरे डाइनिंग एरिया का लुक बदल सकता है। इसके गैप से बाहर निकलती रोशनी, टेबल पर सुंदर पैटर्न बनाती है, जिससे जगह आकर्षक लगती है और माहौल बेहतर होता है।
जरूरत के सामान
1 बड़ा गोल गुब्बारा
प्लास्टिक शीट या पुराना अखबार
थोड़ा पानी
मोटी कॉटन या जूट की डोरी
सीमेंट
छोटा ब्रश
कटोरी या कोई स्टैंड
LED बल्ब और होल्डर
दस्ताने
इस तरह बनाएं
सबसे पहले एक बड़े और गोल आकार वाले गुब्बारे को अपनी जरूरत के अनुसार फुला लें। गुब्बारा बिल्कुल गोल हो, क्योंकि लैंप शेड का आकार इसी पर निर्भर रहता है। इसे किसी कटोरी या स्टैंड पर रख दें, ताकि काम करते समय यह हिले नहीं।
अब एक कटोरी में सीमेंट लें और उसमें धीरे-धीरे पानी मिलाकर न ज्यादा पतला और न बहुत गाढ़ा घोल तैयार कर लें। घोल इतना होना चाहिए कि धागा उसमें अच्छी तरह भीग जाए और उसके ऊपर सीमेंट की एक परत चिपक जाए। सीमेंट इस्तेमाल करने से पहले दस्ताने जरूर पहन लें।
अब मोटे कॉटन धागे या जूट की डोरी को सीमेंट के घोल में डालकर अच्छी तरह भिगो लें। धागे को घोल से निकालते समय अतिरिक्त सीमेंट हल्के हाथ से हटा दें, ताकि उस पर बहुत मोटी परत न जम जाए। अब सीमेंट में भीगे धागे को गुब्बारे के चारों ओर अलग-अलग दिशाओं में लपेटना शुरू करें। इसे सीधा और तिरछा भी लपेट सकते हैं, ताकि क्रॉस और जालीदार डिजाइन तैयार हो। बीच-बीच में पर्याप्त खाली जगह छोड़ें, जिससे लैंप की रोशनी बाहर निकल सके।
जरूरत पड़ने पर ब्रश से धागे के ऊपर थोड़ा और सीमेंट का घोल लगा सकते हैं, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए। धागा लपेटने के बाद गुब्बारे को ऐसी जगह रखें जहां से वह हिले नहीं। इसे कम से कम 24 से 48 घंटे तक सूखने दें। सीमेंट जब पूरी तरह सख्त हो जाए, तो गुब्बारे को पिन की मदद से फोड़ दें। इसके बाद गुब्बारे के टुकड़ों को सावधानी से निकाल लें। अब धागे से बना गोल और जालीदार लैंप शेड तैयार है।
लैंप शेड के अंदर ब्लब होल्डर लगाकर कम गर्मी वाला LED बल्ब लगाएं। इसे डाइनिंग टेबल के ऊपर लटकाया जा सकता है या स्टैंड की मदद से टेबल पर रख सकते हैं। रोशनी पड़ने पर धागे से बने गैप के कारण दीवार और टेबल पर खूबसूरत पैटर्न दिखाई देंगे।
इसे और आकर्षक बनाने के लिए धागों को आप अपनी पसंद के रंग से पेंट भी कर सकते हैं। इस तरह आप घर पर ही आसानी से डाइनिंग एरिया के लिए एक आकर्षक मैजिकल लैंप शेड तैयार कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
पुराने तौलिए से घर पर बनाएं स्टाइलिश गमला, बेहद आसान है तरीका
