भारत की प्रसिद्ध मिठाइयों में से एक गुलाब जामुन भी है, जो लगभग हर गांव से लेकर शहरों तक में आसानी से मिल जाती है। गुलाब जामुन अपने खास स्वाद और मुलायम बनावट के लिए जाने जाते हैं। बाजार में मिलने वाले गुलाब जामुन नरम, मुलायम और चाशनी से भरे होते हैं। दिवाली के मौके पर मिठाइयों का खास स्थान रहता है। इस मौके पर लोग पूजा-पाठ, उपहार देने और मेहमाननवाजी के दौरान मिठाइयां खिलाते हैं। अगर आप बाजार से मिठाई नहीं खरीदना चाहते हैं, तो घर पर भी बाजार जैसे स्वादिष्ट और मुलायम गुलाब जामुन तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर बाजार जैसी गुलाब जामुन बनाने के तरीके के बारे में:

गुलाब जामुन बनाने के लिए सामग्री

गुलाब जामुन के लिए
250 ग्राम खोया
3 बड़े चम्मच मैदा
1 छोटी चुटकी बेकिंग सोडा
2-3 बड़े चम्मच दूध
तलने के लिए घी
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर

चाशनी बनाने के लिए सामग्री

2 कप चीनी
2 कप पानी
3-4 इलायची
1 छोटा चम्मच गुलाब जल
8-10 केसर धागे (वैकल्पिक)

गुलाब जामुन बनाने की आसान रेसिपी

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मावा लें और उसे अच्छी तरह मसल लें। ध्यान रखें कि इसमें कोई बड़ी गांठ न रहे। अब इसमें मैदा, बेकिंग सोडा और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें। थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए नरम और चिकना आटा तैयार करें। इसे बहुत ज्यादा न गूंथें, वरना गुलाब जामुन सख्त हो सकते हैं। अब तैयार आटे से बराबर आकार की छोटी लोइयां तोड़ें। हथेलियों की मदद से इन्हें गोल करें। ध्यान रखें कि लोइयों में कोई दरार न रहे। अगर दरारें होंगी तो तलते समय गुलाब जामुन फट सकते हैं। इनके बीच में बारीक कटे पिस्ता और बादाम भी भर सकते हैं।

अब एक कड़ाही में घी गर्म करें। घी बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए, वरना गुलाबजामुन बाहर से जल्दी भूरे हो जाएंगे और अंदर से कच्चे रह सकते हैं। अब धीमी आंच पर गुलाब जामुन डालें और हल्के हाथ से चलाते हुए चारों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तल लें। इसके बाद इन्हें निकालकर कुछ देर रखें। अब एक दूसरे बर्तन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। इसमें इलायची और केसर भी डाल दें। चीनी पूरी तरह घुलने तक इसे पकाएं। लगभग 5-7 मिनट उबालने के बाद गैस बंद कर दें। चाशनी न तो बहुत गाढ़ी होनी चाहिए और न ही बहुत पतली। अंत में गुलाब जल मिला दें।

तले हुए गुलाब जामुन को हल्का ठंडा होने दें। चाशनी गुनगुनी होनी चाहिए। अब इन्हें चाशनी में डालकर कम से कम 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें। इससे गुलाब जामुन चाशनी को अच्छी तरह सोख लेंगे और अंदर तक नरम व रसदार हो जाते हैं।

यह भी पढ़ें
अचानक आ जाएं मेहमान, तो कम समय में तैयार करें 7 टेस्टी स्नैक्स