दीवाली के मौके पर मिठाइयों का खास महत्व रहता है या फिर यह भी कह सकते हैं कि बिना मिठाइयों के यह त्योहार अधूरा है। इस मौके भगवान को मिठाइयों का भोग लगाया जाता है और साथ ही घर पर आए मेहमानों का मुंह मीठा कराने के लिए भी लोग तरह-तरह की मिठाइयां खरीदते हैं। त्योहार में मिठाइयों की डिमांड बढ़ जाती है, ऐसे में कई बार मार्केट में खोया और अन्य चीजों में मिलावट की भी खबरें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, आप घर पर आसानी से कई तरह की मिठाइयां बना सकते हैं।

इस दीवाली घर आए मेहमानों के लिए आप चॉकलेट नारियल लड्डू खिला सकते हैं। नारियल का हल्का मीठा स्वाद और चॉकलेट की लाजवाब खुशबू इस मिठाई को खास बनाती है। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। आइए जानते हैं घर पर किस तरह चॉकलेट नारियल लड्डू तैयार करें।

चॉकलेट नारियल लड्डू बनाने के लिए सामग्री

2 कप सूखा नारियल का बुरादा
आधा कप कंडेंस्ड मिल्क
2 बड़े चम्मच कोको पाउडर
1 छोटा चम्मच घी
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए बादाम
2 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए काजू
लड्डुओं को लपेटने के लिए थोड़ा अतिरिक्त नारियल का बुरादा
सजावट के लिए चॉकलेट चिप्स (वैकल्पिक)

इस तरह बनाएं चॉकलेट नारियल लड्डू

सबसे पहले एक कड़ाही में एक छोटा चम्मच घी डालकर गर्म कर लें। इसके बाद इसमें नारियल का बुरादा डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें। ध्यान रखें कि नारियल का रंग नहीं बदलना चाहिए। हल्का भूनने से इसकी खुशबू बढ़ जाती है। इसके बाद भुने हुए नारियल में कोको पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें कंडेस्ड मिल्क डालें और लगातार चलाते हुए मिश्रण को पका लें। धीमी आंच पर इसे तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने न लगे।

जब मिश्रण अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें। इसके बाद इसमें कटे हुए बादाम, काजू और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को कुछ देर ठंडा होने दें, ताकि इसे आसानी से लड्डू का आकार दिया जा सके। अब हाथों पर हल्का घी लगाकर मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां लेकर गोल लड्डू का आकार दे दें। इसके बाद तैयार लड्डुओं को नारियल के बुरादे में अच्छी तरह लपेट लें। इन्हें सजाने और आकर्षक बनाने के लिए ऊपर से थोड़ा चॉकलेट चिप्स या कटे हुए पिस्ते भी लगा सकते हैं।

चॉकलेट नारियल लड्डू को आप दीवाली से पहले भी बना सकते हैं। हालांकि, ठंडा होने के बाद साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में जरूर रखें ताकि ये खराब न हों। इन्हें फ्रिज में रखकर कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें
दीवाली पर मेहमानों को खिलाएं घर के बने गुलाब जामुन, बेहद आसान है रेसिपी