दीवाली का त्योहार आते ही बाजारों की रौनक कई गुना बढ़ जाती है। ये ऐसा मौका होता है जब लोग सबसे ज्यादा शॉपिंग करते हैं। लोकल बाजारों से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइटों तक सेल और डिस्काउंट की भरमार रहती है। कहीं कपड़ों पर भारी छूट मिल रही होती है तो कहीं मोबाइल, टीवी, फ्रिज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतें कम दिखाई जाती हैं।

ज्वेलरी की दुकानों पर भी खास ऑफर मिलते हैं। ऐसे में सस्ते दाम और बड़े डिस्काउंट देखकर खरीदारी का मन तो करता है, लेकिन कई बार जल्दबाजी में लिया गया फैसला जेब पर भारी पड़ सकता है। कहीं पुरानी कीमत बढ़ाकर डिस्काउंट दिखाया जाता है तो कहीं खराब या नकली सामान बेच दिया जाता है। इसलिए दीवाली सेल में खरीदारी करने से पहले कुछ जरूरी बातें जान लेना आपके पैसे और समय दोनों बचा सकता है।

कपड़े खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

दीवाली पर पहनने के लिए बहुत सारे लोग कपड़े खरीदते हैं। ऐसे में ग्राहकों को रिझाने के लिए लोकल बाजारों और ऑनलाइन स्टोर पर खूब ऑफर मिलते हैं। साड़ी, सूट, लहंगा, कुर्ता और दूसरे कपड़ों पर भारी छूट देखकर लोग बिना ज्यादा जांच-पड़ताल के खरीदारी कर लेते हैं। लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

  1. कपड़े का फैब्रिक जांचें: जब भी सेल में कोई चीज खरीदें केवल डिजाइन देखकर कपड़े न लें। कॉटन, सिल्क, जॉर्जेट, शिफॉन या पॉलिएस्टर जैसे फैब्रिक की जानकारी लें। ऑनलाइन खरीदारी में प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन ध्यान से पढ़ें।
  2. साइज चार्ट देखें: ऑनलाइन कपड़े खरीदते समय केवल S, M, L या XL पर भरोसा न करें। चेस्ट, कमर और लंबाई की माप दिए गए चार्ट से मिलाएं।
  3. रंग और क्वालिटी की तस्वीरें देखें: ग्राहक के रिव्यू और असली तस्वीरें देखें। केवल मॉडल की तस्वीर से कपड़े की वास्तविक क्वालिटी का अंदाजा नहीं लगता।
  4. रिटर्न और एक्सचेंज पॉलिसी पढ़ें: कुछ सेल वाले कपड़ों पर रिटर्न की सुविधा नहीं होती। भुगतान से पहले यह जरूर देख लें।
  5. सिलाई और फिनिशिंग जांचें: ऑफलाइन खरीदारी करते समय कपड़े की सिलाई, जिप, बटन, किनारी और कढ़ाई को अच्छी तरह देख लें।

सोने-चांदी और डायमंड ज्वेलरी खरीदते समय रहें सतर्क

  1. त्योहारों पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इस दौरान ज्वेलरी शोरूम भी कई तरह के ऑफर देते हैं। लेकिन गहने खरीदते समय केवल डिस्काउंट देखकर फैसला न करें।
  2. हॉलमार्क जरूर जांचें: सोने की ज्वेलरी पर BIS हॉलमार्क और HUID नंबर देखें। BIS Care ऐप से HUID की जानकारी सत्यापित की जा सकती है।
  3. कैरेट की जानकारी लें: 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने की शुद्धता अलग-अलग होती है। अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदारी करें।
  4. मेकिंग चार्ज पूछें: कई बार सोने पर छूट बताकर मेकिंग चार्ज ज्यादा रखा जाता है। सोने की कीमत के साथ मेकिंग चार्ज और GST भी पूछें।
  5. पुरानी ज्वेलरी का ऑफर समझें: एक्सचेंज ऑफर में पुराने गहनों का मूल्यांकन कैसे होगा, इसकी जानकारी पहले लें।
  6. चांदी की शुद्धता जांचें: चांदी के गहने या बर्तन खरीदते समय BIS हॉलमार्क और उपलब्ध शुद्धता की जानकारी लें।
  7. डायमंड खरीदते समय सर्टिफिकेट देखें: हीरे की क्वालिटी, वजन और ग्रेडिंग से जुड़ा प्रमाणपत्र मांगें। बिल में पूरी जानकारी दर्ज करवाएं।

इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय इन गलतियों से बचें

दीवाली सेल में मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एसी जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर आकर्षक ऑफर मिलते हैं। लेकिन खरीदारी से पहले इन बातों को जरूर जांच लें।

पुरानी और नई कीमत की तुलना करें: केवल डिस्काउंट प्रतिशत देखकर सामान न खरीदें। दूसरे स्टोर और आधिकारिक वेबसाइट पर उसी मॉडल की कीमत जांचें।

मॉडल नंबर जरूर देखें: कई बार पुराने मॉडल या पुराने स्टॉक पर ज्यादा छूट दी जाती है। मॉडल नंबर से उसकी लॉन्च डेट और फीचर्स चेक करें।

वारंटी और गारंटी समझें: देखें कि कंपनी की वारंटी कितने समय की है और उसमें किन चीजों को कवर किया गया है।

बिल लेना न भूलें: बिना पक्के बिल के महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान न खरीदें। बिल में मॉडल नंबर, कीमत और टैक्स की जानकारी होनी चाहिए।

पैकिंग और सील जांचें: सामान लेते समय बॉक्स की सील, सीरियल नंबर और प्रोडक्ट की स्थिति जांचें। डिलीवरी के समय भी अनबॉक्सिंग का वीडियो बना सकते हैं।

एक्सचेंज और बैंक ऑफर की शर्तें पढ़ें: बैंक डिस्काउंट, कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर के लिए न्यूनतम खरीदारी, पात्र कार्ड और अन्य शर्तें हो सकती हैं।

ऑनलाइन सेल में इन तरीकों से बचें ठगी से

फर्जी वेबसाइट से बचें: किसी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन पर क्लिक करके सीधे भुगतान न करें। वेबसाइट का URL अच्छी तरह जांचें।

बहुत ज्यादा सस्ते ऑफर से सावधान रहें: अगर किसी महंगे फोन या ब्रांडेड प्रोडक्ट की कीमत बाकी वेबसाइटों से बहुत कम है तो पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें।

कार्ट में जुड़ी चीजें चेक करें: पेमेंट करने से पहले देखें कि आपकी अनुमति के बिना कोई अतिरिक्त प्रोडक्ट या सर्विस तो नहीं जोड़ दी गई।

आखिरी बिल देखें: डिलीवरी चार्ज, पैकेजिंग फीस, प्लेटफॉर्म फीस और दूसरे अतिरिक्त शुल्क जोड़ने के बाद ही वास्तविक कीमत का पता चलता है।

सेलर की रेटिंग देखें: प्रोडक्ट के साथ विक्रेता की रेटिंग, पुराने ग्राहकों के रिव्यू और शिकायतें भी पढ़ें।

रिटर्न पॉलिसी पढ़ें: देखें कि सामान खराब निकलने पर रिफंड मिलेगा या रिप्लेसमेंट। रिटर्न की समय सीमा भी जांचें।

धोखाधड़ी होने पर कहां करें शिकायत?

अगर सेल के दौरान आपके साथ धोखाधड़ी होती है, गलत सामान दिया जाता है या विक्रेता आपकी जायज शिकायत नहीं सुनता है तो आप राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (National Consumer Helpline) पर शिकायत कर सकते हैं। आप इनके टोल फ्री नंबर: 1915, व्हाट्सऐप: 8800001915 या फिर वेबसाइट: National Consumer Helpline पर संपर्क कर सकते हैं।