दीवाली की सफाई के बाद लोग अपने घरों को खास तरह से सजाते हैं। इस दौरान घर के कोने-कोने की सजावट की जाती है। हर कोई चाहता है कि उसका घर सुंदर और आकर्षक लगे। घर को खूबसूरत बनाने के लिए लोग रंग-बिरंगी लाइटें, दीये, रंगोली और फूलों का इस्तेमाल करते हैं। घर की सजावट में एंट्रेंस गेंट भी अहम भूमिका होती है, क्योंकि घर में आने वाले मेहमानों की नजर सबसे पहले इसी पर पड़ती है। ऐसे में प्रवेश द्वार को खूबसूरती से सजाने के लिए यहां से आइडिया ले सकते हैं।
1- फूलों के तोरण से सजाएं
दीवाली पर घर के मुख्य द्वार को सजाने के लिए फूलों के तोरण का इस्तेमाल सबसे पारंपरिक और खूबसूरत तरीकों में से एक है। गेंदे के पीले और नारंगी फूलों से बना तोरण प्रवेश द्वार को आकर्षक लुक देता है। आप चाहें तो इसमें आम के पत्ते, अशोक के पत्ते या छोटे-छोटे सजावटी मोती भी जोड़ सकते हैं। गेट के ऊपरी हिस्से पर फूलों का तोरण लगाएं। डबल डोर है, तो दोनों दरवाजों के किनारों पर फूलों की पतली लड़ियां भी लगा सकते हैं। ताजे फूलें के बजाय कृत्रिम फूलों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
2- एलईडी लाइटों का करें इस्तेमाल
प्रवेश द्वार को रोशनी से भरना चाहते हैं, तो एलईडी लाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे साधारण गेट को भी उत्सव के अनुकूल आकर्षक बनाया जा सकता है। शाम के समय इन्हें जलाने पर गर्म सफेद या सुनहरी रोशनी प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने में मदद कर सकती है। इसके लिए आप गेट के चारों तरफ एलईडी लाइट की स्ट्रिप या फिर फेयरी लाइट लगा सकते हैं। इन्हें फूलों के तोरण के साथ भी लगाया जा सकता है।
3- रंगोली से सजाएं
पुराने समय से ही लोग दीवाली के अवसर पर रंगोली बनाते आ रहे हैं। यह सजावट का एक खास हिस्सा होता है। मुख्य द्वार के सामने बनाई गई रंगोली प्रवेश द्वार की सुंदरता को बढ़ाने में मदद कर सकती है। इसके लिए आप फूलों की पंखुड़ियों या कुछ आसान रंगों की मदद से सुंदर रंगोली तैयार कर सकते हैं।
4- बंदनवार और हैंगिंग डेकोर
प्रवेश द्वार को पारंपरिक लुक देना चाहते हैं, तो बंदनवार या डोर हैंगिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजार में कपड़े, मोतियों, लकड़ी, घंटियों और कृत्रिम फूलों से बने कई तरह के बंदनवार मिल जाते हैं। गेट के ऊपरी हिस्से पर अपनी सजावट की थीम के अनुसार बंदनवार लगा सकते हैं।
5- पुराने कांच के जार से बनाएं लालटेन
पारंपरिक लुक से दीवाली की सजावट करना चाहते हैं, तो घर में पड़े पुराने कांच के जार का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनसे बनी छोटी-छोटी लालटेन प्रवेश द्वार को आकर्षक लुक देती है। इन्हें आप जूट की रस्सी, रंगीन रिबन या सजावटी फीते से सजा भी सकते हैं। वहीं, जार के अंदर बैटरी से चलने वाली छोटी एलईडी लाइट रखें।
यह भी पढ़ें
डाइनिंग टेबल पर ऐसा क्या रखें जिससे वह अलग दिखे, यहां से लें आइडिया
