दिवाली की सफाई में घर का कोना-कोना चमकाने की कोशिश की जाती है। फर्श हो या किचन कैबिनेट या फिर बाथरूम। हर जगह को साफ करने में कई दिन लग जाते हैं। ऐसे में जब बारी आती है किचन और बाथरूम के टाइल्स साफ करने की तो इनके ऊपर जमी चिकनाई, साबुन की परत और गंदे ग्राउट को हटाने में पसीने छूट जाते हैं।

अगर ये साफ न किए जाएं तो घर की सफाई अधूरी सी लगती है। तेल-चिकनाई के छींटे और बाथरूम में पानी-साबुन के दाग धीरे-धीरे पक्के हो जाते हैं। ऐसे में यहां बताए कुछ तरीके आपके काम को आसान कर सकते हैं।

गर्म पानी और डिशवॉश से करें शुरुआत

चिपचिपे किचन के टाइल्स को साफ करने के लिए आप सबसे पहले गर्म पानी में थोड़ा डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं। इसको टाइल्स पर लगाकर सफाई करें। बाद में साफ पानी से पोंछ दें।

बेकिंग सोडा से जमी गंदगी हटाएं

जिद्दी गंदगी को हटाने के लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे गंदे हिस्से या ग्राउट लाइन पर लगाएं, कुछ मिनट छोड़ें और पुराने टूथब्रश से हल्के हाथ से रगड़ें। फिर पानी से साफ कर दें।

ग्राउट काला या पीला हो गया है तो ऐसे करे साफ

टाइल्स के बीच की सफेद लाइन यानी ग्राउट पर बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाकर ब्रश से साफ किया जा सकता है। ज्यादा जिद्दी दाग के लिए 3% हाइड्रोजन पेरॉक्साइड और बेकिंग सोडा का पेस्ट भी इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन पहले छोटे हिस्से पर टेस्ट करें।

पानी के सफेद दाग पर लगाएं सिरका

बाथरूम के टाइल्स पर अगर पानी के सफेद दाग हो गए हैं तो यह तरीका आजमाएं। सिरेमिक और पोर्सिलेन टाइल्स पर पानी के सफेद दाग के लिए पानी में मिला हुआ सफेद सिरका इस्तेमाल किया जा सकता है। सफाई के बाद सतह को साफ पानी से पोंछ दें। मार्बल, ट्रैवर्टीन और दूसरे नेचुरल स्टोन पर सिरका या नींबू का इस्तेमाल न करें।

कोनों और किनारों को न छोड़ें

दिवाली की सफाई में सिर्फ टाइल की बीच वाली सतह साफ करने से काम नहीं चलेगा। कोने, टाइल्स की जोड़ियां और फर्श के किनारे पुराने टूथब्रश या छोटी सफाई ब्रश से साफ करें।

बहुत ज्यादा रगड़ने से बचें

मेटल स्क्रबर या बहुत हार्ड ब्रश से टाइल्स रगड़ना चमकदार सतह को नुकसान पहुंचा सकता है। पहले सॉफ्ट स्पंज या नायलॉन ब्रश से सफाई करें।

क्लीनिंग प्रोडक्ट्स आपस में न मिलाएं

ब्लीच के साथ किसी दूसरे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स को न मिलाएं। सफाई करते समय खिड़की/एग्जॉस्ट खुला रखें और दस्ताने पहनना बेहतर है।