भारत में घूमने के लिए जगहों की कमी नहीं है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक ऐसी अनगिनत खूबसूरत जगहें हैं, जहां हर साल लाखों पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। पूर्वोत्तर भारत में स्थित मिजोरम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरी-भरी पहाड़ियों, शांत झीलों और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है। खासकर आइजोल पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है, लेकिन इसके अलावा भी कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी खूबसूरत जगह पर सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो मिजोरम की इन 6 जगहों पर घूमने जा सकते हैं।
1- डंपा टाइगर रिजर्व
मिजोरम की खूबसूरत जगहों में से एक डंपा टाइगर रिजर्व भी है, जो वन्यजीवों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शानदार जगह है। यहां घने जंगलों के साथ कई तरह के पेड़-पौधे और वन्यजीव देखने को मिलते हैं। अगर आप जंगलों के बीच प्रकृति की खूबसूरती का अनुभव करना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए अच्छी साबित हो सकती है।
2- हमुइफांग
अगर आप प्रकृति की खूबसूरती देखते हुए शांत वातावरण में सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो हमुइफांग जा सकते हैं। यह एक शांत पहाड़ी पर्यटन स्थल है, जो घने जंगलों, ठंडे मौसम और खूबसूरत पैदल रास्तों के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप पहाड़ियों के बीच घूमने, ट्रेकिंग करने और प्रकृति के करीब समय बिताने का अनुभव ले सकते हैं।
3- फावंगपुई राष्ट्रीय उद्यान
फावंगपुई को ब्लू मांउटेन यानी नीले पहाड़ के नाम से भी जाना जाता है। यह राष्ट्रीय उद्यान अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, प्राकृतिक नजारों और जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई दुर्लभ वन्यजीव और पक्षी भी देखने को मिल सकते हैं।
4- रेइक
रेइक एक खूबसूरत पहाड़ी गांव है, जहां से आप आसपास की घाटियों का शानदार नजारा देख सकते हैं। यहां आप ट्रेकिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा प्रकृति के बीच सैर कर सकते हैं और मिजो समुदाय की पारंपरिक संस्कृति को करीब से देख सकते हैं। शांत वातावरण में पहाड़ों की खूबसूरती देखनी है, तो इस जगह पर घूमने जा सकते हैं।
5- तामदिल झील
तामदिल एक सुंदर प्राकृतिक झील है, जिसके चारों ओर हरियाली फैली हुई है। यहां आप नाव का भी लुत्फ उठा सकते हैं। यहां लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए खूब आते हैं।
6- वंतावंग फॉल्स
वंतावंग जलप्रपात मिजोरम का सबसे ऊंचा झरना है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। शहर की भीड़भाड़ से दूर सुकून के कुछ पल बिताने के लिए घने जंगलों से घिरे इस झरने को देखने जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
घुमावदार रास्ते, पहाड़, जंगल और झरने, बुलेट राइड के लिए परफेक्ट है गुशैणी
