अधिकतर घरों में फ्रिज का इस्तेमाल किया जाता है। गर्मी के मौसम में लोग इसमें पानी को ठंडा रखने के साथ भोजन, फल व सब्जियों को खराब होने से बचाने और लंबे समय तक ताजा बनाए रखने के लिए रखते हैं। फ्रिज ऐसा उपकरण है जो दिन-रात लगातार चलता है। सफाई के दौरान अक्सर लोग फ्रिज के दरवाजों, शेल्फ और ट्रे को तो अच्छी तरह से साफ कर लेते हैं, लेकिन इसके एक महत्वपूर्ण हिस्से को साफ करना भूल जाते हैं या जरूरी नहीं समझते।
दरअसल, फ्रिज के पीछे लगी जाली जिसे कंडेंसर कॉइल कहते हैं, जिसमें समय के साथ धूल-मिट्टी की मोटी परत जम जाती है। यह पीछे की ओर होती है और आसानी से दिखाई नहीं देती, इसलिए लोग इसकी सफाई को जरूरी नहीं समझते। लेकिन इस जाली पर लगी गंदगी फ्रिज की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है। इससे फ्रिज को ठंडक बनाए रखने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ सकती है और आपका बिल भी अधिक आ सकता है। लंबे समय तक इसपर जमी गंदगी फ्रिज की कूलिंग क्षमता पर भी असर डाल सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं इसकी सफाई कैसे करें:
साफ करने का तरीका
सबसे पहले प्लग निकाल दें। इससे बिजली का झटका लगने का खतरा नहीं रहता है। अब फ्रिज को दीवार से थोड़ा आगे खिसकाएं। जाली पर जमी धूल और बाल को हल्के ब्रश से निकालें। धूल हटाना इसलिए जरूरी है, क्योंकि यही कूलिंग को प्रभावित करती है।
अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर है तो उससे डिप क्लीन कर सकते हैं। वैक्यूम से धूल व कचरा आसानी से निकल जाते हैं। हालांकि, वैक्यूम क्लीनर का नोजल कॉइल्स साफ करते वक्त फ्रिज से थोड़ा दूर रखना चाहिए।
अगर गंदगी ज्यादा सख्त है तो इसके लिए टूथब्रश या पेंट ब्रेश से साफ करें। इसके अलावा पीछे की फ्लोर और दीवार पर जमी धूल को भी अच्छी तरह से साफ कर दें, ताकि एयरफ्लो बेहतर तरीके से बना रहे।
ध्यान रखें कि कॉइल्स को जोर से न रगड़ें। इससे ये टूट या खराब हो सकती हैं। इसके साथ ही इसपर पानी भी नहीं डालना चाहिए।
साफ करना क्यों जरूरी
अधिकतर फ्रिज में कंडेसर कॉइल या जाली अक्सर पीछे खुली दिखाई देती है। ये कॉइल्स फ्रिज के अंदर की गर्मी को बाहर निकालने का काम करती है। जब इनपर धूल, मिट्टी और किचन की चिकनाई जमने लगती है और जाली अधिक गंदी हो जाती है, तो गर्मी को बाहर निकलने में दिक्कत होने लगती है। इससे फ्रिज की कूलिंग क्षमता कम हो सकती है और कंप्रेसर पर अधिक दबाव पड़ सकता है, जिसके चलते बिजली की खपत भी बढ़ सकती है।
इन गलतियों से जल्दी खराब हो सकते हैं लकड़ी के फर्नीचर, जानें सफाई का सही तरीका
लकड़ी के फर्नीचर को अगर सही तरीके से साफ किया जाए तो ये लंबे समय तक नए जैसे बने रह सकते हैं। लेकिन कुछ गलतियों के चलते ये जल्दी खराब और सड़ने लगते हैं। साफ करने के तरीके के लिए यहां क्लिक करें
