घर जितना सजा हुआ और व्यवस्थित रहता है उतना ही आकर्षक लगता है। वैसे तो हर हिस्सा सजाना जरूरी होता है, लेकिन लिविंग एरिया का खास ध्यान रखना होता है। दरअसल, घर में जब भी कोई व्यक्ति या मेहमान आता है तो उसे लिविंग रूम में बैठाया जाता है। ऐसे में यहां पर रखी चीजों का व्यवस्थित होना जरूरी है। डाइनिंग टेबल भी लिविंग रूम के इंटीरियर का एक अहम हिस्सा होती है। इसका इस्तेमाल परिवार के साथ बैठकर खाना खाने से लेकर मेहमानों की मेजबानी तक किया जाता है। ऐसे में अगर डाइनिंग टेबल को थोड़े अलग और आकर्षक अंदाज में सजाया जाए, तो पूरे कमरे का लुक बदल सकता है। आइए जानते हैं डाइनिंग टेबल को खूबसूरत कैसे बनाया जाए।

1- फूलदान से सजाएं

डाइनिंग टेबल को सजाने का सबसे आसान और खूबसूरत तरीका है, उस पर एक आकर्षक फूलदान रखना। टेबल के रंग और घर के इंटीरियर के अनुसार सेरेमिक, कांच, मिट्टी या धातु का फूलदान चुन सकते हैं। इसमें ताजे गुलाब, गेंदा, लिलि जैसे मैसमी फूल सजा सकते हैं। इसके अलावा आर्टिफिशियल फूलों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

2- ट्रे में रखें डेकोरेटिव आइटम

डाइनिंग टेबल पर छोटी चीजों को अलग रखने के बजाए एक ट्रे में सजा सकते हैं। इससे टेबल व्यवस्थित दिखेगी और सजावट से भी बिखरी हुई नहीं लगेगी। ट्रे में एक छोटा फूलदान, खुशबूदार मोमबत्ती, सजावटी कटोरी या छोटा सा शोपीस रख सकते हैं। लकड़ी की ट्रे क्लासिक लुक देती है, जबकि सुनहरे रंग या संगमरमर के डिजाइन वाली ट्रे टेबल को थोड़ा लग्जगी अंदाज देती है।

3- मोमबत्तियां बदल सकती हैं लुक

कमरे का लुक बदलने और डाइनिंग टेबल को आकर्षक बनाने के लिए मोमबत्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। अलग-अलग ऊंचाई वाली दो या तीन मोमबत्तियों को एक साथ रख सकते हैं। इन्हें कांच के कैंडल होल्डर या मेटल स्टैंड में सजाने से टेबल को शानदार लुक दिया जा सकता है।

4- सजावटी कटोरियां

डाइनिंग टेबल को सजाने के लिए ऐसी चीजें चुनें, जो खूबसूरत दिखने के साथ काम भी आएं। इसके लिए सजावटी फ्रूट बाउल एक अच्छा विकल्प है। इसमें सेब, संतरे, नाशपाती या मौसमी फल रख सकते हैं। आप अपनी टेबल के अनुसार लकड़ी, सिरेमिक, कांच या धातु का फलदान चुन सकते हैं।

5- इंडोर प्लांट बदल सकता है लुक

अगर आपको हरियाली पसंद है, तो डाइनिंग टेबल पर एक छोटा सा इंडोर प्लांट रख सकते हैं। यह सजावट को प्राकृतिक और फ्रेश लुक देने में मदद करेगा। इसके लिए मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट या अपनी जगह की रोशनी के अनुसार उपयुक्त कोई दूसरा पौधा रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें
पुरानी प्लास्टिक की बोतलों से सजाएं बालकनी, बनाएं रंग-बिरंगे सजावटी फूल