जब भी कोई फिल्म स्टार या सिंगर लोगों के बीच आता है, तो फैंस उसकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ उसकी पर्सनल लाइफ के बारे में भी जानना चाहते हैं। लोग अक्सर यह जानने के लिए उत्सुक रहते हैं कि उनका पसंदीदा सितारा क्या खाता है, किस तरह की लाइफस्टाइल फॉलो करता है और सफर के दौरान अपने बैग में कौन-कौन सी जरूरी चीजें साथ रखता है।
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में अपने ट्रैवल बैग की झलक दिखाकर फैंस को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताईं। दिलजीत दोसांझ हाल ही में मशहूर फैशन मैगजीन Vogue की वीडियो सीरीज “In The Bag” में नजर आए। वीडियो की शुरुआत में उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी अंग्रेजी बहुत अच्छी नहीं है और दर्शकों से पूरे वीडियो के दौरान साथ बने रहने की अपील की। इसके बाद उन्होंने अपने ट्रैवल बैग में रखी एक-एक चीज दिखाई और उससे जुड़ी दिलचस्प कहानियां भी साझा कीं।
दशकों से साथ रखते हैं गुटका साहिब
दिलजीत के बैग में सबसे खास चीज गुटका साहिब है। सिख धर्म की इस पवित्र प्रार्थना पुस्तिका को वह कई वर्षों से अपने साथ रखते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसके अलावा उनके बैग में सलाई भी रहती है, जिसका इस्तेमाल वह अपनी पगड़ी को ठीक करने और व्यवस्थित रखने के लिए करते हैं।
फैन का दिया तोहफा भी हमेशा रहता है साथ
दिलजीत ने एक रुद्राक्ष की माला भी दिखाई, जिसमें आध्यात्मिक क्रिस्टल लगे हैं। यह उन्हें एक फैन ने उनके दो हाउसफुल कॉन्सर्ट के बाद तोहफे में दी थी। सिंगर ने बताया कि यह उनके लिए बेहद खास है और अब वह इसे लगभग हर यात्रा में अपने साथ रखते हैं।
रात की वेलनेस रूटीन का भी किया जिक्र
वीडियो में दिलजीत ने अपनी रात की वेलनेस रूटीन भी साझा की। उन्होंने बताया कि सोने से पहले वह अपनी नाभि पर नीम और सरसों के तेल का मिश्रण लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि नाभि की देखभाल करना जरूरी है। उनके मुताबिक इसके लिए नारियल का तेल या घी भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन वह खुद नीम और सरसों के तेल का मिश्रण लगाना पसंद करते हैं।
दवा, लैपटॉप, कॉफी फ्रॉदर और मखाना भी रहता है बैग में
आध्यात्मिक चीजों के अलावा दिलजीत के बैग में कई उपयोगी सामान भी रहता है। वह सफर के दौरान काम के लिए अपना लैपटॉप साथ रखते हैं, ताकि म्यूजिक, कंपोजिशन और जरूरी फाइलों तक आसानी से पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि उनके बैग में कॉफी फ्रॉदर, दवाइयों का बॉक्स, फैंस के दिए हुए ईयररिंग्स रहते हैं। सफर के दौरान खाने के लिए उनका पसंदीदा स्नैक मखाना भी हमेशा रहता है।
दिलजीत ने यह भी बताया कि उन्हें 2015 में पित्त की थैली (गॉल ब्लैडर) में पथरी होने का पता चला था। इसी वजह से वह अपनी दवाइयां हमेशा अपने साथ रखते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सर्जरी अभी बाकी है।
3.45 लाख रुपये का लग्जरी डफ्ल बैग
वीडियो में दिलजीत ने जिस स्टडेड वीकेंडर डफ्ल बैग का इस्तेमाल किया, उसके बारे में भी उन्होंने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बैग उन्होंने हाल ही में एक टूर के दौरान, वीडियो शूट होने से करीब दो दिन पहले खरीदा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, सातोशी नाकामोतो स्टडेड वीकेंडर डफ्ल बैग की कीमत 3,632 अमेरिकी डॉलर (करीब 3.45 लाख रुपये) है।
वीडियो में पहना था शनेल का जैकेट
वीडियो में दिलजीत ने फैशन डिजाइनर मैथ्यू ब्लेजी की तरफ से तैयार किए गए शनेल (Chanel) स्प्रिंग/समर 2026 कलेक्शन का क्रॉप्ड जैकेट को पहना था। इसे उन्होंने सफेद टी-शर्ट, काली ट्राउजर और अपनी पहचान बन चुकी नारंगी पगड़ी के साथ स्टाइल किया।
