प्रेम किसी के प्रति गहरा स्नेह लगाव और भावनात्मक समर्पण है। यह निस्वार्थ भावना है जो सुख-दुख में साथ रहने, सम्मान करने और समर्पण की भावना रखती है। कभी प्रेम धैर्य, पत्रों, लैंडलाइन कॉल और सादगी भरा था, जिसमें मिलने के लिए लंबी प्रतीक्षा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होता था। 90 के दशक या उससे पहले प्यार का इंतजार चिट्ठियों, गीतों या आमने-समाने मिलकर किया जाता था। यह दिखावे से परे, एक दूसरे के लिए लंबा इंतजार और भरोसे पर आधारित था। समय के साथ प्रेम की परिभाषा भी बदलती चली गई। खासकर मोबाइल फोन और सोशल मीडिया ने इसमें अहम भूमिका निभाई।

आज के डिजिटल दौर में प्यार जताने का तरीका काफी बदल गया है। आज का प्रेम इंस्टेंट है, जहां सोशल मीडिया, डेटिंग ऐप्स और तुरंत वीडियो कॉल के जरिए रिश्ते जल्दी बनते और बदलते हैं। वर्तमान समय में सोशल मीडिया का बोलबाला है। कई ऐसे डेटिंग ऐप्स हैं जहां लोग मिलते हैं और फिर डेटिंग शुरू करते हैं। कुछ ही समय या फिर दिनों में रिश्ता आगे बढ़ता है। ऐसा लगता है कि इस आधुनिक युग में लोगों को एक दूसरे को जानने के लिए ज्यादा समय नहीं है। कई बार ये फैसला गलत भी साबित हो जाता है और रिश्ता कुछ ही दिनों में टूट जाता है। Gen Z के बीच ‘डिजिटल लव लैंग्वेज’ काफी तेजी से पॉपुलर हो रहा है। यह प्यार करने का नया तरीका है। यहां पर रील्स, मीम्स और पोस्ट के जरिए प्यार को परखा जाता है। आइए जानते हैं क्या है और कैसे लोग अपना पार्टनर चुनते हैं।

क्या है डिजिटल लव लैंग्वेज
स्मार्ट फोन चलाने वाला लगभग हर व्यक्ति रील्स देखता है और फिर उसे आगे भी भेजता है। कौन सी रील्स या मीम्स किसे भेजना है यह भी भली भांति जानते हैं। पुराने जमाने में जिस तरह लोग अपने अपनी भावनाओं को प्रकट करने के लिए चिट्ठी और गानों का सहारा लेते थे ठीक उसी तरह GenZ इमोशनल कनेक्शन बनाने के लिए रील्स का सहारा लेते हैं। डिजिटल लव लैंगवेज में जब आप इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म पर दिखी कोई रोमांटिक या फनी रील्स उसे भेजते हैं जिसे आप पसंद करते हैं तो यह इमोशनल कनेक्शन बनाने की कोशिश होती है। सामने वाला अगर उसी उत्साह से रील देखकर प्रतिक्रिया करता है और उसी तरह की वापस रील्स भेजता है तो इसे वाइब मैच होना समझा जाता है।

ध्यान आकर्षित करने का तरीका
डिजिटल दुनिया में रील्स भेजकर स्नेह और परवाह दिखाना भी माना जाता है। यह प्यार जताने और ध्यान आकर्षित करने का एक तरीका है। जिस तरह पुराने समय में लोग किसी का ध्यान अपनी ओर खिंचने के लिए लंचबॉक्स में चिट्ठी रख देते थे या फूल देते थे। उसी तरह डिजिटल जमाने में मीम, रील्स, गाना, स्क्रीनशॉट को शुरुआती कनेक्शन का इशारा माना जाता है। सामने वाला जब इसे अपनाता है तो, इससे रिश्ता गहरा होने लगता है।

अगर पसंद नहीं आई रील्स तो फिर क्या
आपके भेजे गए रील्स, मीम्स या फनी पोस्ट पर अगर सामने वाले प्रतिक्रिया नहीं करता है तो इसे नापसंद या दूरी का संकेत माना जाता है। देर से प्रतिक्रिया देना या फिर हाहा लिखकर छोड़ देना भी नापसंद का संकेत माना जाता है। हालांकि, जरूरी नहीं है कि आपने जो भी रील्स और फनी पोस्ट साझा किया है वह सामने वाले को पसंद आए। कई बार इसे समझने में समय लग सकता है।

मजबूत रिश्ते की निशानी
GenZ का मानना है कि रील्स, फनी पोस्ट या मीम्स भेजने के बाद अगर आपका पार्टनर आपके सेंस ऑफ ह्यूमर को समझता है, फनी मीम्स पर हंसता है, रोमांटिक रील्स पर उसी तरह की प्रतिक्रिया देता है तो यह मजबूत कनेक्शन की निशानी है। जितनी बात होती है रिश्ते उतने ही गहरे होते जाते हैं। हालांकि, कई बार यह जानबूझकर सामने वाली की सोच और पसंद का अंदाजा लगाने के लिए भी किया जाता है।

रिएक्शन और रिस्पॉन्स का समय
डिजिटल लव लैंगवेज में रिएक्शन और रिस्पॉन्स का समय भी काफी अहम भूमिका निभाता है। अगर आपने सामने वाले को कुछ भेजा है और उसपर तुरंत प्रतिक्रिया आती है, हार्ट इमोजी या लंबा रिप्लाई तो इसे एक-दूसरे से जुड़ने का संकेत माना जाता है। देर से जवाब देने का मतलब नापसंद करना माना जाता है। हालांकि, यह सच होना जरूरी नहीं है, लेकिन जैनजी के बीच इन संकेतों को काफी गंभीरता से लिया जाता है। Gen Z के बीच रील्स, मीम्स और पोस्ट पसंद-नापसंद, सोच और फीलिंग्स को परखने का जरिया बन चुका है।

Also Read
YouTube, इंस्टाग्राम या WhatsApp? जानिए Gen Z की कौन सी है पसंदीदा सोशल मीडिया ऐप