धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में बहुत सारे लोग शुभ मुहूर्त देखकर सोने के सिक्के, चांदी के बर्तन, पायल, अंगूठी और दूसरे गहने खरीदते हैं। कुछ लोग सोने-चांदी के सिक्के भी लेते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस धनतेरस पर सोने या चांदी की खरीदारी करने की सोच रहे हैं तो दिल्ली-NCR में ऐसे कई बाजार हैं, जहां आपको अपने बजट मुताबिक पसंदीदा ज्वेलरी के डिजाइन आसानी से मिल सकते हैं।

दिल्ली के कूचा महाजनी और करोल बाग से लेकर नोएडा के सेक्टर 18 और गाजियाबाद के इंदिरापुरम तक, इन बाजारों में अपनी पसंद के हिसाब से गहने तलाश सकते हैं। उससे पहले अगर आज दिल्ली-NCR में सोने के भाव की बात करें तो मालाबार गोल्ड में 22 कैरेट (1 ग्राम) का दाम ₹12,800 है। जबकि 24 कैरेट (1 ग्राम) का दाम ₹13,964 है। वहीं तनिष्क में 22 कैरेट (1 ग्राम) का दाम ₹12,825 और 24 कैरेट (1 ग्राम) का दाम ₹13,951 है।

दिल्ली-NCR के इन बाजारों से कर सकते हैं सोने-चांदी की खरीदारी

कूचा महाजनी, चांदनी चौक (Kucha Mahajani)

दिल्ली के पुराने और मशहूर ज्वेलरी बाजारों में कूचा महाजनी का नाम जरूर आता है। चांदनी चौक के इस बाजार में सोने के गहनों और बुलियन का कारोबार होता है। यहां शादी-ब्याह के लिए भारी सोने के सेट, कुंदन, मीनाकारी और पारंपरिक डिजाइन के गहने तलाश सकते हैं। थोक कारोबार की वजह से भी इस बाजार की अलग पहचान है। यहां खरीदारी करते समय अलग-अलग दुकानों पर मेकिंग चार्ज और सोने का भाव जरूर पूछें। यहां आप अपने हिसाब से ज्वेलरी डिजाइन भी करवा सकते हैं।

करोल बाग (Karol Bagh)

करोल बाग दिल्ली का एक जाना-माना ज्वेलरी शॉपिंग डेस्टिनेशन है। यहां छोटी-बड़ी कई ज्वेलरी दुकानें और शोरूम हैं। सोने की चेन, अंगूठी, झुमके, चूड़ियां और शादी के लिए भारी गहनों की खरीदारी कर सकते हैं। यहां आपको लेटेस्ट डिजाइन से ज्वेलरी सेट आसानी से मिल जाएंगे। अगर आप अलग-अलग दुकानों पर डिजाइन और कीमत की तुलना करना चाहते हैं तो यह बाजार अच्छा विकल्प हो सकता है।

कनॉट प्लेस (Connaught Place)

अगर आप ब्रांडेड ज्वेलरी खरीदना पसंद करते हैं तो कनॉट प्लेस जा सकते हैं। यहां कई बड़े-बड़े ज्वेलरी ब्रांड के शोरूम हैं। धनतेरस पर आप यहां से सोने की अंगूठी, नेकलेस, पेंडेंट, डायमंड ज्वेलरी और रोजाना पहनने वाले हल्के गहनों को खरीद सकते हैं।

साउथ एक्सटेंशन | South Extension

साउथ दिल्ली का साउथ एक्सटेंशन भी ज्वेलरी खरीदारी के लिए जाना जाता है। यहां कई बड़े ब्रांड के शोरूम हैं, जहां सोने और हीरे के गहनों की अच्छी रेंज मिलती है। अगर आप शादी या त्योहार के लिए खास डिजाइन का नेकलेस, कंगन, झुमके या ब्राइडल ज्वेलरी खरीदना चाहते हैं तो यहां विकल्प देख सकते हैं। यहां हल्के और रोजाना पहनने वाले गहनों के डिजाइन भी मिलते हैं।

सेक्टर 18, नोएडा | Sector 18, Noida

अगर आप नोएडा में रहते हैं तो आपको दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है। आप धनतेरस पर शॉपिंग के लिए सेक्टर 18 जा सकते हैं। यहां सोने और चांदी की खरीदारी के अच्छे विकल्प आपको मिल जाएंगे। यहां गोल्ड नेकलेस, चेन, अंगूठी, झुमके और डायमंड ज्वेलरी के कई डिजाइन आप देख सकते हैं।

प्रीत विहार और लक्ष्मी नगर | Preet Vihar & Laxmi Nagar

पूर्वी दिल्ली में रहने वाले लोग खरीदारी के लिए आप प्रीत विहार और लक्ष्मी नगर के बाजार जा सकते हैं। प्रीत विहार के विकास मार्ग पर कई ज्वेलरी शोरूम हैं, जहां सोने, हीरे और रोजाना पहनने वाले गहनों के डिजाइन मिलते हैं। वहीं लक्ष्मी नगर के विजय चौक और आसपास की दुकानों पर सोने, चांदी और डायमंड ज्वेलरी आप खरीद सकते हैं।