उत्तर भारत में नवंबर के महीने में सर्दियां धीरे-धीरे दस्तक देने लगती हैं। इस महीने में कई ऐसी जगहें हैं जो और भी खूबसूरत हो जाती हैं। धनोल्टी अपने प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। लेकिन नवंबर आते-आते यहां की वादियां और आसपास की कुछ जगहों की सुंदरता देखने लायक होती है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और आसमान साफ होने के चलते दूर-दूर तक फैली पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं। मसूरी से कुछ दूरी पर स्थित धनोल्टी अपनी हरियाली, देवदार और चीड़ के जंगलों, शांत वातावरण और खूबसूरत पहाड़ी रास्तों के लिए जाना जाता है। इसके आसपास भी कई सारी खूबसूरत जगहें जहां आप घूमने जा सकते हैं।
1- सुरकंडा देवी मंदिर
उत्तराखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक सुरकंडा देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। मंदिर तक पहुंचने के बाद चारों तरफ फैले पहाड़ों और घाटियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। साफ मौसम में हिमालय की चोटियां भी दिखाई देती हैं।
2- कानाताल
धनोल्टी से लगभग 12-15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कानाताल एक खूबसूरत और शांत पहाड़ी गांव है। यहां का प्राकृतिक वातावरण, देवदार के पेड़ और पहाड़ों से घिरी सड़कें पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। भीड़भाड़ से दूर अगर कहीं शांति से कुछ देर सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो कानाताल जा सकते हैं। यहां आप कैंपिंग, जंगल में घूमने और पहाड़ों के बीच कुछ समय बिता सकते हैं।
3- कैड़िया जंगल
अगर आपको जंगलों में घूमने और प्रकृति को करीब से देखना पसंद है, तो कौड़िया जंगल जा सकते हैं। यह कानाताल के आसपास स्थित एक खूबसूरत वन क्षेत्र है। यहां घने पेड़, शांत वातावरण और पहाड़ी रास्तों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। यहां आप जंगल के बीच पैदल घूमने के साथ ही आसपास की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा सकते हैं।
4- टिहरी झील
धनोल्टी से करीब 40-50 किलोमीटर दूरी पर स्थित टिहरी झील भी जा सकते हैं। यह पहाड़ों के बीच फैली एक विशाल झील है, जिसका पानी नीला और आसपास के नजारे काफी मनमोहक नजर आते हैं। यहां आप जेट स्कीइंग, कयाकिंग और अन्य दूसरी जल गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं।
5- चंबा
चंबा एक खूबसूरत पहाड़ी कस्बा है, जो धनोल्टी से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर है। यह जगह अपने शांत वातावरण, पहाड़ी नजारों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है। यहां से हिमालय की कई चोटियों और आसपास की घाटियों का नजारा देखने को मिलता है।
6- देवगढ़ किला
अगर आपको इतिहास और पुरानी वास्तुकला में दिलचस्पी है, तो देवगढ़ किला घूमने जा सकते हैं। धनोल्टी के आसपास स्थित यह ऐतिहासिक स्थल अपने पुराने निर्माण, दीवारों पर बनी चित्रकारी और आसपास मौजूद जैन मंदिर इसे खास बनाते हैं। इस किले का निर्माण 16वीं शताब्दी का माना जाता है।
7- मसूरी
उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक मसूरी भी है, जो धनोल्टी से लगभग 25-30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां की खूबसूरत पहाड़ियां, बादलों से ढकी चोटियां, पुराने भवन और बाजार घूमने जा सकते हैं। मसूरी में मॉल रोड, गन हिल, लाल टिब्बा, कंपनी गार्डन और केम्प्टी फॉल्स भी देखने जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
शांत वादियां और मनमोहक नजारे, मिजोरम की इन 6 जगहों पर बिताएं यादगार पल
