लगभग हर किसी के साथ ऐसा होता है कि घर का खाना खाते-खाते एक समय बाद मन ऊब जाता है। इसके बाद अधिकतर लोग ऐसे खाने की तलाश करते हैं, जो स्वादिष्ट, और चटपटा हो। अक्सर लोग मुंह का स्वाद बदलने के लिए किसी रेस्टोरेंट का सहारा लेते हैं। लेकिन आज के समय घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट और लाजवाब खाना बनाना काफी आसान है। मलाई कोफ्ता भी इन्हीं में से एक है, जिसे आप घर पर आसानी से रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट बना सकते हैं। इसके लिए बस कुछ चीजों की जरूरत होती है और इसे सही तरीके से पकाना जरूरी होता है। आइए जानते हैं घर पर किस तरह लाजवाब मलाई कोफ्ता बनाएं कि खाने वाला तारीफ करते न थके।
मलाई कोफ्ता बनाने के लिए सामग्री
कोफ्ते के लिए
200 ग्राम पनीर
2 उबले आलू
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
8-10 बारीक कटे हुए काजू
1 बड़ा चम्मच किशमिश
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
तलने के लिए तेल
ग्रेवी के लिए
2 मध्यम प्याज
3 मध्यम टमाटर
12-15 काजू
1 इंच अदरक का टुकड़ा
4-5 लहसुन की कलियां
1 हरी मिर्च
1 बड़ा चम्मच मक्खन
1 बड़ा चम्मच तेल
एक चुटकी हल्दी
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
3-4 बड़े चम्मच फ्रेश क्रीम या मलाई
जरूरत अनुसार पानी
स्वादानुसार नमक
इस तरह बनाए स्वादिष्ट मलाई कोफ्ता
सबसे पहले पनीर को अच्छी तरह कद्दूकस कर लें। इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, कॉर्नफ्लोर, नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि आसानी से गोल आकार दिया जा सके। अब मिश्रण की छोटी-छोटी लोई बनाएं। हर लोई के बीच में थोड़ा कटा हुआ काजू और किशमिश रखें और इसे बंद करके गोल कोफ्ते तैयार कर लें।
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल बहुत तेज गर्म न हो, वरना कोफ्ते बाहर से जल्दी रंग पकड़ लेंगे और अंदर से टूट सकते हैं। मध्यम आंच पर कोफ्तों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार कोफ्तों को प्लेट में निकाल लें।
अब एक पैन में थोड़ा तेल डालकर प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को हल्का भूनें। फिर कटे हुए टमाटर और काजू डालकर कुछ मिनट तक टमाटर के नरम होने तक पकाएं और ठंडा करके इसे बारीक पीस लें। पैन में मक्खन और थोड़ा तेल डालें। इसमें तैयार प्याज-टमाटर का पेस्ट डालकर मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनें। अब हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें। मसालों को तब तक पकाएं जब तक मिश्रण से तेल अलग दिखाई देने लगे।
इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी और नमक डालकर ग्रेवी को कुछ मिनट पकाएं। फिर गरम मसाला और कुटी हुई कसूरी मेथी डाल दें। अब गैस धीमी आंच पर करके क्रीम या मलाई डालें और अच्छी तरह मिला दें। परोसने से ठीक पहले गरम ग्रेवी में कोफ्ते डालें। ऊपर से थोड़ी फ्रेश क्रीम और कसूरी मेथी डालकर सजाएं। आपका गरमागरम मलाई कोफ्ता तैयार है, इसे आप तंदूरी रोटी, रूमाली रोटी या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं।
यह भी पढ़ें
अप्पे से पैनकेक तक, डोसा बैटर से बनाएं ये 3 स्वादिष्ट डिश
