दिन में दो बार ब्रश करने के बाद भी क्या आपके दांतों के बीच गंदगी जमा रह जाती है? ऐसे में आपको लगता है कि हम तो दांत साफ करते हैं लेकिन ये समस्या क्यों होती है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। दरअसल, टूथब्रश से दांतों के बीच की बहुत छोटी जगहों को अच्छी तरह साफ करना मुश्किल होता है।

ऐसे में डेंटल फ्लॉस और वॉटर फ्लॉसर की मदद ली जा सकती है। लेकिन इन दोनों में से कौन सा ज्यादा असरदार है? क्या पानी की धार से दांतों की सफाई करना धागे वाले फ्लॉस से बेहतर है? इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कॉस्मेटिक डेंटिस्ट डॉ. निशा ठक्कर ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी। आइए समझते हैं दोनों के फायदे और नुकसान।

डेंटल फ्लॉस क्या है और कैसे करता है काम?

डेंटल फ्लॉस एक पतला धागा होता है, जिसकी मदद से दांतों के बीच फंसी गंदगी और प्लाक को साफ किया जाता है। प्लाक बैक्टीरिया की एक चिपचिपी परत होती है, जो दांतों पर जमा हो सकती है। अगर इसे समय पर साफ न किया जाए तो मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

डेंटल फ्लॉस के फायदे

प्लाक हटाने में मददगार: फ्लॉस दांतों के बीच जाकर जमा प्लाक को रगड़कर हटाने में मदद करता है। इससे मसूड़ों की बीमारी का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।

कम कीमत में उपलब्ध: इसे इस्तेमाल करने के लिए किसी मशीन या बिजली की जरूरत नहीं होती। यह आसानी से और कम कीमत में मिल जाता है।

सफाई पर बेहतर कंट्रोल: फ्लॉस की मदद से दांतों के बीच की जगह और दांतों के किनारों की सफाई अपनी जरूरत के हिसाब से की जा सकती है।

डेंटल फ्लॉस इस्तेमाल करने में आती है परेशानी तो क्या करें?

कुछ लोगों को डेंटल फ्लॉस इस्तेमाल करना आसान नहीं लगता। कई बार धागा दांतों के बीच फंस जाता है या उसे सही तरीके से पकड़ने में परेशानी होती है। डॉ. निशा ठक्कर इसके लिए कुछ विकल्प बताती हैं।

दांतों के बीच फंसता है धागा: अगर फ्लॉस दांतों के बीच आसानी से नहीं जा रहा है तो वैक्स वाले फ्लॉस का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह दांतों के बीच आसानी से फिसलता है।

हाथों से इस्तेमाल करने में परेशानी: अगर उंगलियों से फ्लॉस पकड़ने और चलाने में दिक्कत होती है तो फ्लॉस होल्डर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें धागा एक छोटे हैंडल पर लगा होता है, जिससे इसे इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।

दूसरे विकल्प भी हैं: डेंटल फ्लॉस इस्तेमाल करना मुश्किल लग रहा है तो इंटरडेंटल ब्रश, डेंटल पिक या दांतों के बीच सफाई के लिए बने खास स्टिक का विकल्प भी मौजूद है।

अब जानते हैं वॉटर फ्लॉसर क्या है?

वॉटर फ्लॉसर को ओरल इरिगेटर भी कहा जाता है। यह एक डिवाइस होती है, जिससे पानी की तेज धार निकलती है। इस धार की मदद से दांतों के बीच फंसे खाने के छोटे कणों और गंदगी को बाहर निकालने में मदद मिलती है।

वॉटर फ्लॉसर के फायदे

फंसा खाना निकालने में मददगार: दांतों के बीच फंसे खाने के कणों को पानी की धार से आसानी से बाहर निकाला जा सकता है।

प्लाक हटाने में मदद: वॉटर फ्लॉसर पानी की धार से कुछ प्लाक को हटाने और उसकी परत को तोड़ने में मदद कर सकता है। हालांकि, यह डेंटल फ्लॉस की तरह दांतों पर रगड़कर प्लाक साफ नहीं करता।

इस्तेमाल करना आसान: जिन लोगों को हाथों से धागा पकड़कर फ्लॉस करने में परेशानी होती है, उनके लिए वॉटर फ्लॉसर अच्छा विकल्प हो सकता है। ब्रेसेज या इंप्लांट लगे होने पर भी यह उपयोगी हो सकता है।

वॉटर फ्लॉसर इस्तेमाल करने के नुकसान भी जान लें

वॉटर फ्लॉसर इस्तेमाल करना आसान जरूर है, लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हैं।

हर जगह सफाई नहीं हो पाती: पानी की धार दांतों के बीच की हर छोटी जगह तक उतनी अच्छी तरह नहीं पहुंच पाती, जितनी सफाई डेंटल फ्लॉस से हो सकती है।

दूसरों के साथ शेयर न करें: अपना वॉटर फ्लॉसर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ इस्तेमाल न करें। इससे बैक्टीरिया फैलने का खतरा हो सकता है।

कीमत और सफाई का ध्यान: इसे खरीदने के लिए शुरुआत में ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। साथ ही, डिवाइस की नियमित सफाई और रखरखाव भी जरूरी है।

डेंटल फ्लॉस और वॉटर फ्लॉसर में से कौन सा है बेहतर?

डॉ. निशा ठक्कर बताती हैं दोनों तरीकों के अपने फायदे और नुकसान हैं। सबसे अच्छा तरीका वही है, जिसे आप नियमित रूप से और सही तरीके से इस्तेमाल कर सकें।

अगर आप डेंटल फ्लॉस का सही इस्तेमाल कर पा रहे हैं और आपको इससे कोई परेशानी नहीं होती तो इसे बदलने की जरूरत नहीं है। वहीं, अगर धागे वाले फ्लॉस का इस्तेमाल करना मुश्किल लगता है या आपके दांतों में ब्रेसेज और इंप्लांट लगे हैं तो वॉटर फ्लॉसर एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

ध्यान रखने वाली बात: दांतों के बीच सफाई करना भी उतना ही जरूरी है जितना रोजाना ब्रश करना। अपनी जरूरत और दांतों की स्थिति के हिसाब से कौन सा तरीका बेहतर रहेगा, इसके लिए डेंटिस्ट की सलाह जरूर लें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह पर आधारित है। दांतों से जुड़ी किसी भी समस्या या ओरल हाइजीन की नई आदत शुरू करने से पहले अपने डेंटिस्ट से सलाह लें।