दीवाली का त्योहार आने वाला है। ऐसे में घर को सजाने-संवारने के लिए लोग खूब खरीदारी करते हैं। किचन को नया लुक देना चाहते हैं या फिर धनतेरस पर बर्तन खरीदने का सोच रहे हैं तो आप दिल्ली के ऐसे बाजार में जा सकते हैं, जहां आपको बेहद कम कीमत में बर्तन मिल जाएंगे। यहां 2 रुपये का चम्मच, 5 रुपये का गिलास और 10-15 रुपये में थाली मिल जाएगी। इतना ही नहीं, यहां आपको किचन में इस्तेमाल होने वाले सभी बर्तन थोक के भाव में मिल जाएंगे।
गिफ्ट में देने के लिए आप यहां एक से बढ़कर एक बर्तन खरीद सकते हैं। इतना ही नहीं, अगर आपके यहां किसी की शादी होने वाली है और बर्तनों के पूरे सेट खरीदने हैं तो भी आप इस बाजार का रुख कर सकते हैं। कैसरोल के हर तरह के साइज आपको मिल जाएंगे। गिफ्ट में देने के लिए आप इनका सेट भी खरीद सकते हैं।
जग की बात करें तो अच्छी-खासी क्वालिटी के जग आपको सिर्फ 150 रुपये में यहां मिल जाएंगे। कटलरी के सेट की एक से बढ़कर एक वैरायटी यहां उपलब्ध हैं। लोटा सिर्फ 50 रुपये में मिल जाएगा। हम यहां बात कर रहे हैं दिल्ली के सदर बाजार स्थित डिप्टी गंज की। इस बाजार में आपको हर तरह के बर्तन मिलेंगे। स्टील के साथ-साथ तांबा, पीतल, एल्युमीनियम जैसी धातुओं के भी सारे बर्तन आपको यहां मिल जाएंगे। यहां मिलने वाले बर्तनों पर आप नाम भी लिखवा सकते हैं। यहां से देश के सभी हिस्सों में थोक में बर्तनों की सप्लाई भी की जाती है।
1100 रुपये में खरीद सकते हैं मिक्सर ग्राइंडर
अगर आप किचन में प्लास्टिक के डिब्बों को हटाकर स्टील के डिब्बे रखने का सोच रहे हैं तो आप यहां से इनका पूरा सेट मात्र 700 रुपये तक में खरीद सकते हैं। यहां आपको बर्तन किलो के हिसाब से बहुत सारे मिल जाएंगे। एल्युमीनियम के कुकर 5 लीटर से लेकर जितने चाहें, मिल जाएंगे। इतना ही नहीं, आपको यहां ग्राइंडर मात्र 1100 रुपये में मिल जाएंगे। ब्लेंडर भी आपको यहां मिल जाएंगे।
स्टील की मिलती हैं यहां बाल्टी
स्टील की फ्रूट-सब्जी रखने वाली डलिया आपको 680 रुपये में मिल जाएगी। इसके अलावा आपको स्टील की बाल्टी भी यहां मिलती हैं। हैवी क्वालिटी की थाली 80 रुपये तक में मिल जाएगी। मंदिर के लिए दीपक, घंटी, लोटा जैसी चीजें भी आपको यहां मिल जाएंगी। साइज के हिसाब से इनके रेट होते हैं।
पीतल की मूर्तियां भी हैं यहां खास
अगर आप पीतल की मूर्ति खरीदना चाहते हैं तो भी इस बाजार में पहुंच सकते हैं। यहां ये करीब 1500 रुपये किलो के हिसाब से मिल सकती हैं। नक्काशी वाले पीतल के लोटे यहां मिल जाएंगे। पूजा के एक से बढ़कर एक बर्तन यहां मिलते हैं।
