घर जितना सजा हुआ होता है, उतना ही खूबसूरत नजर आता है। अक्सर लोग अपने घर को आकर्षक बनाने के लिए एक से बढ़कर एक डेकोरेटिव आइटम लाते हैं। काफी लोग तो घर में इंटीरियर का भी काम करवाते हैं। लेकिन आज के समय में कम पैसे में अपने घर को सजाना बहुत मुश्किल काम नहीं है। आप अपने खाली समय में घर के लिए कई ऐसी चीजें बना सकते हैं, जो दिखने में खूबसूरत लगने के साथ ही एंटिक भी लगेंगी। पिछले कुछ समय से पुरानी चीजों से सजावटी सामान बनाने का चलन बढ़ गया है। इन्हीं में से एक कोल्ड ड्रिंक की खाली कैन भी शामिल है।

कोल्ड डिंक पीने के बाद अक्सर लोग उसकी केन को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन इस कैन की मदद से आप कई खूबसूरत डेकोरेटिव हैंगिंग लालटेन बना सकते हैं। इसे आप अपनी बालकनी से लेकर घर के अंदर तक में सजा सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर किस तरह केल्ड ड्रिंक की कैन से डेकोरेटिव हैंगिंग लालटेन बनाएं।

जरूरत का समाना

खाली एल्युमिनियम कोल्ड ड्रिंक की कैन
बैटरी वाली एलईडी लाइट या फेयरी लाइट
कील या पतली नुकीली पंच
छोटा हथौड़ा
मार्कर पेन
कैंची या कटर
मजबूत तार
प्लास या वायर कटर
सैंडपेपर
पसंद के अनुसार स्प्रे पेंट
दस्ताना

इस तरह बनाएं डेकोरेटिव हैंगिंग लालटेन

सबसे पहले खाली कैन को धोकर अच्छी तरह साफ करके सुखा लें। अब कैन पर लगे लेबल को भी हटा लें। अगर ये निशान नहीं हट रहे हैं, तो पेंट रिमूवर या नेल पॉलिश रिमूवर से भी हटाया जा सकता है।

अब कैन के ऊपरी हिस्से यानी ढक्कन वाली जगह को कटर या प्लास की मदद से ऊपरी हिस्से को सावधानी से काटकर हटा दें। इससे ऊपर का मुंह पूरी तरह खुल जाएगा और अंदर आप लाइट्स आसानी से लगा सकते हैं। कटिंग के दौरान अगर कोई हिस्सा बाहर रह गया है तो उसे सैंडपेपर से घिसकर चिकना कर दें। इस दौरान दस्ताने पहनना न भूलें।

अब मार्कर की मदद से कैन के बाहर मनचाहा पैटर्न बनाएं। आप इस पर सूरज या फूल जैसी आकृति भी बना सकते हैं। कैन को किसी मजबूत सतह पर रखें और मार्क किए गए स्थान पर कील रखकर हथौड़ों से हल्के हाथ से ठोके। इस तरह एक-एक करके छोटे छेद बनाते जाएं। छेदों को बहुत बड़ा न करें और उनके बीच थोड़ी दूरी रखें, ताकि कैन की मजबूती बनी रहे। अलग-अलग आकार के छेद बनाकर आप डिजाइन को और आकर्षक बना सकते हैं।

अब कैन को बाहर से अपनी पसंद के रंग में पेंट करें। चाहें तो मैट ब्लैक रंग से पेंट कर सकते हैं। इसके अलावा ऊपर और नीचे के किनारों पर गोल्ड या कॉपर रंग से हल्का बॉर्डर भी बना सकते हैं।

अब एक मजबूत तार का टुकड़ा लेकर उसे दोनों सिरों को मोड़ दें। कैन के ऊपरी हिस्से में आमने-सामने दो छोटे छेद करें और तार को उनमें लगाकर गोल हैंडल जैसा आकार दे दें। प्लास से तार के सिरों को अच्छी तरह मोड़कर सुरक्षित कर दें।

अब कैन के अंदर छोटी बैटरी वाली LED टी लाइट या छोटी फेयरी लाइट रख दें। लाइट जलाने पर कैन में बनाए गए छेदों से रोशनी बाहर निकलेगी और दीवार या आसपास की सतह पर खूबसूरत पैटर्न दिखाई देगा। इस खूबसूरत लाइट को आप अपनी बालकनी, गार्डन, बरामदे या घर के किसी कोने में टांग सकते हैं। रात में जलाने पर वहां का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है। इस तरह आप घर पर ही आसानी से कोल्ड ड्रिंक की कैन की मदद से सजावटी और आकर्षक लालटेन बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें
इनडोर प्लांट्स से सजाएं अपना घर, टोकरी से बनाएं खूबसूरत गमले