बालकनी घर का अहम हिस्सा होती है। चाहे सुबह उठकर चाय पीना हो या शाम को आराम करते हुए किताब पढ़ना, बालकनी बेहतर विकल्प होती है। यही वजह है कि इस कोने को सजाने के लिए तरह-तरह की चीजें रखी जाती हैं। हालांकि ज्यादातर लोग बालकनी को सजाने के लिए पौधों का इस्तेमाल करते हैं। रंग-बिरंगे और फूलों वाले खूबसूरत फूल बालकनी की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ घर को खुशबूदार बनाने में भी मदद करते हैं। इससे हमारा मूड भी फ्रेश रहता है और बालकनी में समय बिताने का ज्यादा मन करता है। छोटे-छोटे गमले लगाने की बजाय बालकनी को सजाने के लिए ग्रिल पर बेल वाले पौधे लगा सकते हैं। हरी-भरी और फूलों से लदी बेल ग्रिल को आकर्षक और शानदार बनाने में मदद कर सकती है।

अगर आप कुछ अलग और हटके पौधे लगाने के बारे में सोच रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है। दरअसल हम आपको ऐसे बेल वाले पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें ग्रिल की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है।

कृष्णकमल की बेल

कृष्णकमल एक खूबसूरत बेल वाला पौधा है, जो दिखने में बहुत आकर्षक लगता है। यह पौधा आध्यात्मिक महत्व रखता है। इसे राखी बेल या कौरव पांडव बेल के नाम से भी जाना जाता है। अच्छी धूप और पर्याप्त पानी से इस बेल की ग्रोथ अच्छी तरह हो पाती है। अगर आप कुछ हटके पौधा लगाना चाहते हैं, तो इसे ट्राई कर सकते हैं।

मॉर्निंग ग्लोरी

मॉर्निंग ग्लोरी खूबसूरत और फूलदार बेल वाला पौधा है। इसे ज्यादातर लोग अपने घरों में लगाना पसंद करते हैं। अगर आप बालकनी, छत या ग्रिल को सजाना चाहते हैं, तो इसकी बेल को लगाया जा सकता है। इस पौधे को कम देखभाल की जरूरत होती है। सर्दियों के समय इसमें सुंदर फूल खिलते हैं।

संक्रांति बेल

इस पौधे को फ्लेम वाइन या ऑरेंज ट्रंपेट वाइन भी कहा जाता है। यह बेल बहुत खूबसूरत लगती है और तेजी से फैलती है। इसे आप बालकनी की ग्रिल को सजाने के लिए लगा सकते हैं। ताजे फूलों की खुशबू और पौधे की हरियाली मन को सुकून पहुंचाने वाली है। कटिंग या पौधा दोनों तरह से इसे लगाया जा सकता है।

पीली अलमांडा

बालकनी की सजावट के लिए इस खूबसूरत और सदाबहार पौधे को लगाया जा सकता है। इसमें दो किस्में हैं जिसमें बेल और ड्वार्फ बुश शामिल है। बेल वाले पौधे को बालकनी, दीवार या ग्रिल पर चढ़ा सकते हैं। इसके ऊपर पीले रंग के चमकदार फूल खिलते हैं। बहुत कम रखरखाव में इस पौधे को लगाया जा सकता है।

क्लाइंबिंग रोज

बालकनी की ग्रिल को खूबसूरत फूलों से सजाना चाहते हैं, तो क्लाइंबिंग रोज (बेलिया गुलाब) लगाया जा सकता है। यह दीवारों, ट्रेलिस या गार्डन आर्च पर चढ़ाने के लिए बेहतरीन विकल्प है। बालकनी को हटकर और खूबसूरत लुक देना चाहते हैं, तो इस बेल वाले पौधे को लगाया जा सकता है। आइबर्ग, न्यू डॉन, लेडी बैंक्स और ऑल्टिसिमो जैसी किस्में काफी लोकप्रिय है। नवंबर से मार्च के बीच में इन बेलों को लगाने का सही समय माना जाता है।