बालकनी घर का वह हिस्सा है, जहां सुबह और शाम की चाय पीने का अपना अलग ही आनंद है। अगर बालकनी का लुक अच्छा और खूबसूरत हो, तो वहां कुछ देर बैठना सुकून भरा लगता है। हालांकि, कई बार बालकनी में अधिक सामान या सही से चीजों को न रखने के चलते वह बिखरी हुई नजर आती है। हालांकि, कुछ आसान बदलावों की मदद से आप बालकनी को व्यवस्थित रखने के साथ ही आकर्षक भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं उन 7 तरीकों के बारे में जिनकी मदद से आप अपनी बालकनी का मेकओवर कर सकते हैं।

1- पौधे रखने का सही तरीका

बालकनी को हरा-भरा बनाने के लिए लोग कई तरह के पौधे लगाते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि पौधों का सही चुनाव और उन्हें रखने का सही तरीका। ढेर सारे पौधे रखने के बजाए कम और आकर्षक पौधे लगाएं। मनी प्लांट, तुलसी, स्नेक प्लांट और अपराजिता जैसे पौधे चुन सकते हैं। इन गमलों को वर्टिकल प्लांटर, कोनों या अन्य तरह के प्लांटर का इस्तेमाल कर इन्हें व्यवस्थित तरीके से रख सकते हैं। इससे फर्श पर जगह बचती है।

2- फर्श का बदलें लुक

बालकनी के फर्श को साफ कर उनमें कुछ बदलाव कर जगह को आकर्षक बनाया जा सकता है। इसे नया लुक देने के लिए इंटरलॉकिंग डेक टाइल्स या आउटडोर मैट का इस्तेमाल किया जा सकता है। लकड़ी जैसे डिजाइन वाली टाइलें भी लगा सकते हैं। वहीं, पौधों के पास कृत्रिम घास का छोटा हिस्सा लगा कर फर्श को आकर्षक लुक दिया जा सकता है।

3- लाइटिंग बढ़ाएगी खूबसूरती

बालकनी को आकर्षक बनाने के लिए फेयरी लाइट्स, आउटडोर वॉल लाइट्स या बैटरी से चलने वाली एलईडी लालटेन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें दीवार, रेलिंग या बैठने की जगह के आसपास लगाकर सजावट कर सकते हैं। हल्की पीली रोशनी बालकनी में आरामदायक माहौल बनाती है।

4- बैठने की जगह

बालकनी का मेकओवर करते वक्त बैठने की जगह को न भूलें। एक कोना ऐसा होना चाहिए जहां आप बैठकर सुकून के पल बिता सकते हैं। अगर जगह कम है, तो फोल्डिंग कुर्सियों और दीवार से जुड़ने वाली फोल्डिंग टेबल लगा सकते हैं। कुर्सी पर रंगीन कुशन रखने से सजावट भी अच्छी लगती है।

5- कुशन और मैट

बालकनी में मौजूद कुर्सियों के कुशन, आउटडोर मैट और अन्य कपड़ों के रंग बदलकर भी मेकओवर किया जा सकता है। हरे, भूरे और बेज रंगों के मिलावट से बालकनी को प्राकृतिक लुक दिया जा सकता है। वहीं, नीले और सफेद रंगों को भी शामिल किया जा सकता है।

6- दीवारों को सजाना न भूलें

बालकनी की खाली दीवारों को पेंट कर आकर्षक बनाया जा सकता है। इसके अलावा अगर दीवारें खाली हैं, तो उस पर कुछ सजावट कर और भी सुंदर बना सकते हैं। खाली दीवारों पर छोटे प्लांटर या वॉल लाइट्स लगा सकते हैं।

7- पुरानी चीजों को करें शामिल

बालकनी को सजाने के लिए नया सामान खरीदने के बजाए पुरानी चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुरानी लकड़ी की मजबूत पेटियों को प्लांट स्टैंड, पुराने गमलों को नए रंग में रंगकर सजावटी सामान और छोटी मेज को पौधे रखने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह आप इन छोटी-छोटी चीजों की मदद से बालकनी का मेकओवर कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें
बेडरूम में आती है कम धूप, इन रंगों से बनाएं कमरे को चमकदार