चेहरे को निखारने के लिए हम अक्सर फेस वॉश, स्क्रब और कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं, लेकिन गर्दन पर उतना ध्यान नहीं देते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि कई बार हमारा चेहरा तो चमकने लगता है लेकिन गर्दन की त्वचा का रंग कुछ ज्यादा डार्क नजर आने लगता है। ऐसा कई वजहों से हो सकता है। धूप में ज्यादा समय बिताने से हुई टैनिंग, पसीना, धूल-मिट्टी और स्किन की ठीक से सफाई न होने की वजह से भी गर्दन की रंगत गहरी दिख सकती है।

अगर गर्दन पर कालापन टैनिंग या गंदगी जमा होने की वजह से है, तो कुछ आसान तरीके आजमाए जा सकते हैं। हालांकि अगर कालापन लंबे समय से है, तेजी से बढ़ रहा है या गर्दन की स्किन पर कुछ बदलाव नजर आने लगा है तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

बेसन, दही और हल्दी का पैक

गर्दन को साफ करने के लिए अगर कोई घरेलू उपाय खोज रहे हैं तो यह सबसे आसान उपाय है। इसके लिए एक कटोरी में बेसन लें और उसमें थोड़ा दही और चुटकी भर हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे गर्दन पर हल्के हाथ से लगाएं और कुछ देर बाद सामान्य पानी से धो लें। इसे लगाते समय स्किन को जोर से रगड़ने से बचें। दही स्किन को मुलायम रखने में मदद कर सकता है, जबकि बेसन त्वचा को साफ कर सकता है।

आलू का रस लगा सकते हैं

यह तरीका भी आप ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें। इसे गर्दन पर थोड़ी देर लगाकर रखें और फिर पानी से धो लें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो पहले हाथ के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करें। आलू में नींबू मिलाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि नींबू कुछ लोगों की स्किन में जलन या संवेदनशीलता बढ़ा सकता है।

टमाटर का पल्प लगाएं

टमाटर को मैश करके उसका पल्प (गूदा) गर्दन पर लगाया जा सकता है। कुछ मिनट बाद पानी से धो लें। इसे स्क्रब की तरह जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है। अगर लगाने के बाद जलन, लालिमा या खुजली महसूस हो तो तुरंत धो दें।

एलोवेरा जेल भी कर सकते हैं ट्राई

अगर गर्दन की स्किन धूप की वजह से रूखी लगती है तो सादा एलोवेरा जेल लगाया जा सकता है। इसे कुछ देर लगाकर छोड़ें और फिर धो लें। बाजार से लिया गया जेल इस्तेमाल कर रहे हैं तो ऐसा प्रोडक्ट चुनें जिसमें बहुत ज्यादा खुशबू या दूसरे जलन पैदा करने वाले तत्व न हों।

मॉइस्चराइजर को गर्दन तक जरूर लगाएं

गर्दन की देखभाल में सिर्फ कालापन हटाने की कोशिश न करें। चेहरा धोने के बाद जिस तरह मॉइस्चराइजर लगाते हैं, उसी तरह गर्दन पर भी लगाएं। स्किन को बार-बार रगड़ने या बहुत ज्यादा एक्सफोलिएट करने से जलन और ड्राईनेस बढ़ सकती है, जिससे समस्या और ज्यादा नजर आ सकती है।

सनस्क्रीन लगाना भी है जरूरी

अगर गर्दन धूप के संपर्क में रहती है तो वहां भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। चेहरे के साथ गर्दन को भी कवर करें और लंबे समय तक बाहर रहने पर जरूरत के अनुसार दोबारा लगाएं। टैनिंग कम करने के साथ-साथ आगे स्किन का रंग ज्यादा गहरा होने से बचाने में यह कदम ज्यादा जरूरी है।

नींबू-चीनी से स्क्रब करने से बचें

गर्दन का कालापन देखकर नींबू और चीनी से जोर से स्क्रब करना सही तरीका नहीं है। नींबू लगाने के बाद धूप के संपर्क में आने से कुछ लोगों में जलन या त्वचा पर रिएक्शन हो सकता है।

डिस्क्लेमर: यहां बताए गए उपाय सामान्य स्किन केयर जानकारी पर आधारित हैं। हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है, इसलिए किसी भी घरेलू उपाय को पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर टेस्ट करें।