Dark circle kaise hataye: नींद पूरी न लेना, पानी की कमी, स्मार्टफोन या कंप्यूटर के सामने लंबे समय तक बैठने, धूप में ज्यादा समय तक रहने, एलर्जी, आनुवांशिकता, बढ़ती उम्र, खराब खानपान की वजह से आंखों के नीचे डार्क सर्कल यानी काले घेरे हो जाते हैं। ऐसे में लोग इन्हें हटाने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। डार्क सर्कल को दूर करने (Aankh ke niche dark circle kaise hataye)के लिए आप महंगी क्रीम की बजाय घरेलू नुस्खे भी अपनाकर देख सकते हैं, इससे आपको धीरे-धीरे फर्क नजर आने लगेगा। Pharmeasy में प्रकाशित डॉ. रैना एन. नाहर के लेख के अनुसार जानते हैं डार्क सर्कल्स को दूर रखने के घरेलू उपाय।
आलू का रस
आलू ऐसी चीज है जो हर घर की रसोई में मिल ही जाता है। इससे भी आप डार्क सर्कल हटा सकते हैं। इसके लिए एक छोटा सा आलू लें। फिर उसे कद्दूकस कर लें। अब उसे हाथों से निचोड़कर सारा रस निकाल लें। इसी रस में आपको आधा चम्मच बेसन मिलाना है। तैयार पेस्ट को डार्क सर्कल पर लगाएं। इसे कुछ घंटे लगा सकती हैं या पूरी रात के लिए भी लगाकर छोड़ा जा सकता है। सुबह हल्के गुनगुने पानी से इसे धो लें। जब आप इसे लगातार करेंगी तो कुछ दिनों में फर्क दिखना शुरू हो जाएगा।
ठंडे टी बैग्स
डार्क सर्कल को हटाने के लिए आप ठंडे टी बैग्स भी यूज कर सकती हैं। यह बेहद आसान तरीका हा। डार्क सर्कल को दूर करने के लिए ग्रीन टी या कैमोमाइल टी बैग्स इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। ऐसा बताया जाता है कि टी बैग्स में मौजूद कैफीन रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ने में मदद करता है। इससे प्रभावित क्षेत्र में रक्त प्रवाह कम हो जाता है। ऐसा होने से धीरे-धीरे काले घेरों की समस्या दूर होने लगती है।
एलोवेरा जेल
स्किन से लेकर बालों के लिए एलोवेरा जेल काफी लाभकारी माना जाता है। इसके लगातार इस्तेमाल से डार्क सर्कल गायब होने लगते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले एक चम्मच एलोवेरा जेल लें। इसमें नींबू के रस की 7 से 8 बूंदे मिलाएं। अब इसे डार्क सर्कल पर लगाएं। करीब 2 से 3 घंटे इस पेस्ट को डार्क सर्कल पर लगा रहने दें। इसके बाद गुनगुने पानी से धो लें।
टमाटर और खीरे का रस
टमाटर और खीरे के रस के जरिए भी आप काले घेरे की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए खीरे का एक छोटा टुकड़ा लें। इसे छीलकर कद्दूकस कर लें। फिर सारा रस एक कटोरी में निकाल लें। इसी तरह टमाटर का रस निकालें। खीरे और टमाटर का रस आपको समान मात्रा में लेना है। इसे आइस ट्रे में डालकर जमा लें। फिर आइस क्यूब लेकर डार्क सर्कल पर हल्के हाथ से मलें।
बादाम का तेल और नींबू का रस
डार्क सर्कल को दूर करने के लिए आप बादाम के तेल को नींबू के रस के साथ मिलाकर लगा सकती हैं। बादाम के तेल में मौजूद विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट डार्क सर्कल्स को कम करने में मदद कर सकते हैं। नींबू के रस में एस्कॉर्बिक एसिड और अन्य पोषक तत्व सक्रिय तत्व के रूप में पाए जाते हैं। इसे लगाने से डार्क सर्कल धीरे-धीरे कम होने लगते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
